हमीरपुर, 02 जनवरी (हि.स.)। संदिग्ध परिस्थितियों में मंगलवार को एक अधेड़ का शव आंगन में पाया गया। इस मामले में पुलिस और फारेंसिक टीम जांच कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।उधर मृतक के भाई ने आशंका जताई कि किसी ने शराब में कुछ मिलाकर पिला दिया है, जिससे उसकी मौत हुई है।
बिवांर थानाक्षेत्र के ग्राम महेरा निवासी चंद्रकली पत्नी तुलाराम ने बिवांर पुलिस को सूचना दी। बताया उसके भतीजे चरन सिंह (55) पुत्र सुखइयां का शव घर के आंगन में पड़ा है। उसके माता-पिता की मौत भी करीब आठ साल पूर्व हो चुकी है। मृतक का छोटा भाई पवन परिवार के साथ मेरठ में रहकर मजदूरी करता है। शरीर पर किसी भी तरह के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। थाना प्रभारी राकेश सरोज ने बताया कि गांव के किसी व्यक्ति ने दरवाजा खटकाया। दरवाजा न खुलने पर बाउंड्री से झांककर देखा तो घर के अंदर नाली के पास चरन सिंह पड़ा था। जिसकी सूचना उन्हें चौकीदार से मिली।
बताया पुलिस ने बाउंड्री फांदकर दरवाजा खोला। मृतक घर में अकेला था इसलिए डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। ताकि साक्ष्य जुटाने में कोई कमी न रह जाए। बताया कि मृतक के भाई को फोन से सूचना दी गई है। शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। भाई के आने पर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जिसके बाद ही मौत का कारण पता चल सकेगा।
प्रधान रामकिशोर का कहना है कि चरन की भी शादी हो चुकी है मगर शादी के बाद एक बार ही पत्नी यहां आई थी। इसके बाद नहीं आई। बताया मृतक के पिता के नाम 25 बीघे कृषि भूमि थी। प्रधान ने आशंका जताई कि हो सकता है रात में लघुशंका के लिए उठा हो और ठंड लगने से उसकी मौत हो गई हो। उधर मृतक के भाई पवन से हुई बातचीत में बताया कि वह ट्रेन में बैठ चुका है। जैसे-जैसे साधन मिलते जाएंगे वैसे ही पहुंच पाएगा।
बस चालकों और अन्य साधनों की हड़ताल से आने में समय लग रहा है। बताया पिछले रविवार को ही मेरठ आया था। उस समय गांव में भाई बिल्कुल ठीकठाक था। पवन ने मंगलवार को बताया कि वह अपने भाई को भी मेरठ आने के लिए कुछ पैसे दे आया था। लेकिन मंगलवार सुबह साढ़े दस बजे पड़ोसी डालचंद ने उसके बहनोई को फोन पर बताया कि उसके भाई की तबियत खराब है। जिस पर उसने गांव निवासी मित्र देशपत श्रीवास को फोन कर भाई से बात कराने को कहा। उसने जाकर दरवाजा खटकाया, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। बाउंड्री से झांककर देखा तो वह आंगन में नाली के पास पड़ा था। कहा उसे शक है कि किसी ने भाई को शराब में कुछ मिलाकर पिलाया है, जिससे मौत हुई है।