बिजनौर, 24 दिसम्बर ( हि.सं.)। नजीबाबाद तहसील के थाना मण्डावली क्षेत्रान्तर्गत ग्राम मुस्सेपुर में आर्य सुगंध संस्थान के सामने देर शाम रोडवेज बस की टक्कर मंडावली की तरफ से आ रही एक मोटर साइकिल के साथ हो गई। मोटर साइकिल पर सवार तीन व्यक्तियों अफजाल (19), शहजाद (19) और नौशाद (21) की मौके पर मौत हो गई। जानकारी के बाद परिजनों में हाहाकार मच गया। स्थानीय पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल मोर्चरी भिजवाया गया। रोडवेज बस का चालक मौके से फरार हो गया। परिजनों से प्राप्त तहरीर पर अभियोग पंजीकृत कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।