15HREG215 नवरात्रि तथा दीपावली पर्व शांति और सद्भाव के माहौल मनाए जाए, आचार संहिता का पालन हो: कलेक्टर
रतलाम, 15 अक्टूबर (हि.स.)। शांति समिति की बैठक में नवरात्रि उत्सव तथा दीपावली पर्व के संबंध में चर्चा करते हुए प्रशासन ने कहा कि आचार संहिता के चलते हमें वैधानिक नियमों का कड़ाई से पालन करना होगा। हमारी यह कतई इच्छा नहीं होगी कि त्यौहारों के दिनों में हम किसी प्रकार के अवरोधक बने। नागरिकों को स्वयं प्रशासन को सहयोग करना होगा तथा शांति समिति के निर्णय जनता के सर्वमान्य निर्णय होते है उसका पालन सभी की लोग करें। यह जनहित और शहरहित में है।
नवागत कलेक्टर भास्कर लक्षकार ने रविवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित शांति समिति बैठक में सदस्यों से परिचय प्राप्त करते हुए यह आग्रह किया और कहा कि सभी लोग मिलकर शांति और सद्भाव के वातावरण में त्यौहार मनाए। त्यौहार के दिनों में कोई असामाजिक तत्व विघ्न पैदा न करें यह हम सब की जिम्मेदारी है। हम सभी को आचार संहिता का पालन करना है। त्यौहार के साथ ही लोकतंत्र का एक महापर्व भी हमें मनाना है। यह बात सभी को ध्यान में रखना होगी। धार्मिक आयोजनों को राजनैतिक स्वरुप न दे, ताकि किसी प्रकार की आचार संहिता का उल्लंघन का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि सभी प्रकार के कार्यक्रमों की अनुमति लेना आवश्यक है। प्रशासन इस बात का ध्यान रखेगा कि किसी प्रकार की परेशानी नागरिकों को न हो, चाहे वह नवदुर्गा पाण्डालों की हो, गरबा आयोजनों की हो, प्रतिमा विसर्जन की हो या दशहरे के दौरान रावण दहन की हो। प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान तथा रावण दहन के दौरान नगर निगम को सभी प्रकार की व्यवस्था के निर्देश दिए गए है। सभी निर्णय जनमत का सम्मान कर लिए जाएंगे।
कलेक्टर लक्षकार ने सार्वजनिक कार्यक्रमों में विद्युत चोरी के मामले में कहा कि विद्युत चोरी हो या अन्य कोई चोरी ईश्वर की आराधना ऐसे नहीं होती। सभी लोग विधिवत कनेक्शन लेकर त्यौहार संपादित करें।
ट्राफिक व्यवस्था का मुद्दा उठा
सदस्यों ने ट्राफिक व्यवस्था तथा बाजारों में पार्किंग की समस्या पर भी पुलिस अधीक्षक राहुल कुमार लोढ़ा का ध्यान आकर्षित किया और कहा कि यातायात के दबाव को देखते हुए एकांगी मार्ग पर विचार करना चाहिए। विशेषकर माणकचौक में जो हालात बने हुए है उसकी नियमित मानिटरिंग भी जरूरी है तथा क्षेत्र के थाना प्रभारी को यातायात व्यवस्था की ओर ध्यान देने, दुकानदारों द्वारा सडक़ अतिक्रमण करने पर कार्रवाई करने का आग्रह किया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस संबंध में विशेष रुप से ध्यान दिया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी कार्य अनुमति के साथ किया जाए,ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो और ना ही आचार संहिता का उल्लंघन हो। धार्मिक आयोजनों में ध्वनी विस्तारक यंत्रों का उपयोग रात 10 बजे के बाद न किया जाए और गरबा आयोजकों को भी इस संबंध में दिशा-निर्देश दिए जाएंगे ताकि वह आचार संहिता के नियमों का पालन कर सके। यह धार्मिक और जन पर्व है इसे शांति के साथ हमें मिलजुलकर मनाना है।
कलेक्टर तथा पुलिस अधीक्षक ने त्यौहारों के दिनों में सम्पूर्ण व्यवस्था के निर्देश संबंधितों को दिए और कहा कि कालिका माता मेले में किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न हो, ना ही विद्युत संकट उत्पन्न हो, पहुंच मार्ग पर भी विद्युत व्यवस्था, सफाई व्यवस्था माकुल होना चाहिए। यही बात सदस्यों द्वारा भी रखी गई।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, एडीएम,एसडीएम, पुलिस के आला अधिकारी, थाना प्रभारी, यातायात थाना प्र्रभारी, शहर काजी अहमद अली, पूर्व महापौर शैलेन्द्र डागा, भाजपा नेता बजरंग पुरोहित, प्रदीप उपाध्याय, गोविन्द काकानी, मधु पटेल, पत्रकार शरद जोशी, पूर्व पार्षद सीमा टांक, पार्षद यास्मीन शैरानी, युनूस ताज सहित समिति के सदस्यगण उपस्थित थे।