15HSPO5 बास्केटबाल प्रतियोगिता में खेलगांव एवं आर्मी पब्लिक स्कूल को मिली जीत
प्रयागराज, 15 अक्टूबर (हि.स.)। खेलगांव पब्लिक स्कूल और आर्मी पब्लिक स्कूल न्यू कैंट ने सीबीएसई कलस्टर फाइव अंडर-19 बालक एवं बालिका बास्केटबाल प्रतियोगिता में अपने-अपने मुकाबले जीत लिए।
संस्कार इंटरनेशनल स्कूल साकेत नगर सुलेमसरांय में रविवार से शुरू हुई प्रतियोगिता में बालिका वर्ग के मुकाबले में खेलगांव पब्लिक स्कूल प्रयागराज ने नवजीवन मिशन स्कूल कुशीनगर को 28-0 से हराया। विजेता टीम की अंशिका गुप्ता को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
आर्मी पब्लिक स्कूल न्यू कैंट प्रयागराज ने एमवी कॉन्वेंट इंटर कॉलेज को 20-3 से हराया। विजेता टीम की दीपिका खटुआ और प्रज्ञा मौर्या को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। सनबीम इंगलिश स्कूल भगवानपुर वाराणसी ने सनबीम स्कूल गाजीपुर को 21-2 से हराया।
बालक वर्ग में एस अतुलानंद वाराणसी ने अमृतलाल सनबीन वाराणसी को 37-6 से, विद्यानंद वैली मिर्जापुर ने जेबी अकादमी अयोध्या को 37-2 से, लिटिल फ्लावर ककरमत्ता वाराणसी ने ग्रीन वैली वाराणसी को 38-19 से हराया। सेठ एमआर जयपुरिया पराव वाराणसी ने शेयट पब्लिक स्कूल वाराणसी को 27-2 से, लिटिल फ्लावर वाराणसी ने द आर्यन वाराणसी को 33-17 से हराया।
इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि श्याम ग्रुप के निदेशक विदुप अग्रहरि ने किया। जिला बॉस्केटबाल संघ प्रयागराज के सचिव शील ओझा विशिष्ट अतिथि रहे। कॉलेज के प्रबंधक नीरज अग्रवाल और प्रधानाचार्या अमृता अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत, उप प्रधानाचार्या आकांक्षा सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन और क्रीड़ाध्यापक विशाल चंद्रा एवं अविनाश कुमार ने कार्यक्रम का संचालन किया। केके दुबे और विजय राय प्रतियोगिता के पर्यवेक्षक हैं। इस मौके पर विनोद कुमार, हसीब नवाज, विपिन खत्री और आशीष सिंह आदि मौजूद रहे। सोमवार को बालक एवं बालिका वर्ग के मुकाबले सुबह साढ़े छह बजे से खेले जायेंगे।