आगामी तीन दिनों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार

Share

15HREG234 आगामी तीन दिनों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार

कानपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 16 से 18 अक्टूबर के मध्य तेज हवाओं के साथ स्थानीय स्तर पर हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार है। इस संभावना की वजह है कि आगामी पांच दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। यह जानकारी रविवार को चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ.एस.एन.सुनील पांडेय ने दी।

उन्होंने बताया कि रविवार को अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 79 प्रतिशत और न्यूनतम सापेक्षिक आर्द्रता 40 प्रतिशत रही। जबकि दिन का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस जो ( 1.9) में बढ़त में रहा और न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो पहले से ( 1.0) डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है। हवा की औसत गति 2.2 किलोमीटर प्रति घंटा रही और हवा की दिशा उत्तर-पश्चिम बही।

देश भर में मौसम प्रणाली

डॉ.पांडेय ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी रेखा फोर्ब्सगंज, मालदा, अक्षांश 24° उत्तर, देशांतर 89° पूर्व, अक्षांश 20 डिग्री उत्तर, देशांतर 89° पूर्व, विशाखापत्तनम, नलगोंडा, रायचूर, वेंगुर्ला और अक्षांश 16° उत्तर और देशांतर 70 डिग्री पूर्व से होकर गुजर रही है।

पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर और आसपास के इलाकों पर है। प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण मध्य पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों पर है। दक्षिण-पूर्व अरब सागर और लक्षद्वीप के आसपास के हिस्सों पर एक चक्रवाती परिसंचरण 5.8 किमी ऊपर तक फैला हुआ है, जिसका मतलब है कि समुद्र का स्तर ऊंचाई के साथ दक्षिण की ओर झुक रहा है, जिसका प्रभाव से 17 अक्टूबर तक एक कम दबाव का क्षेत्र विकसित होने की उम्मीद है जो तीव्र हो सकता है और पश्चिम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है। चक्रवाती परिसंचरण दक्षिणी असम पर है, और दूसरा चक्रवाती परिसंचरण दक्षिणी तमिलनाडु पर है।