15HREG250 वाराणसी : पालकी में महाराज श्री अग्रसेन की निकली भव्य शोभायात्रा
वाराणसी,15 अक्टूबर (हि.स.)। । शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को अग्रकुल जनक महाराजा अग्रसेन की जयन्ती पर काशी अग्रवाल समाज की ओर से कोदई चौकी, बांसफाटक स्थित केसीएम (कन्हैया चित्र मंदिर) से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में समाज के लोग कुर्ता पैजामा व अग्रवाला पगड़ी एवं महिलाएं गुलाबी साड़ी पहन कर शामिल हुई।
शोभायात्रा में काशी अग्रवाल समाज, वाराणसी द्वारा संचालित सभी स्कूल-कालेजों ‘‘श्री अग्रसेन कन्या पी0जी0 कालेज, श्री अग्रसेन कन्या इण्टर कालेज, श्री अग्रसेन महाजनी विद्यालय, श्री अग्रसेन शिशु विहार’’ के छात्र-छात्राएं, शिक्षक, कर्मचारी भी शामिल हुए। शोभायात्रा चौक, नीचीबाग, बुलानाला होते हुए श्री अग्रसेन वाटिका मैदागिन पहुंची। जहां श्री महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर श्री काशी अग्रवाल समाज के लोगों ने माल्यापर्ण किया। इसके बाद शोभायात्रा टाउनहाल मैदागिन स्थित श्री अग्रसेन कन्या इण्टर कालेज पहुंची। शोभायात्रा में सुसज्जित पालकी पर महाराजा अग्रसेन का तैल्य चित्र विराजमान किया गया था। साथ ही घोड़े, झांकी, बैण्ड आदि शोभायात्रा में शामिल रहे।
यात्रा के बाद अग्रसेन कन्या इण्टर कालेज मैदागिन परिसर में सांस्कृतिक समारोह एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में आरके चौधरी (प्रमुख उद्यमी एवं समाजसेवी), पूर्व सभापति अरविन्द कुमार अग्रवाल (नन्हे भैया), अशोक जी सर्राफ एवं पूर्व प्रधानमंत्री बृजप्रकाश अग्रवाल (गोपाल जी), अशोक कुमार अग्रवाल (नाटी इमली) को सम्मानित किया गया।