शारदीय नवरात्रिः सुबह से ही मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़

Share

15HREG6 शारदीय नवरात्रिः सुबह से ही मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़

औरैया, 15 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन रविवार को सुबह से ही देवी मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। भक्त धूप, दीप, पुष्प, नैवेद्य आदि मां को अर्पित कर पूजन-अर्चन कर रहे हैं।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार शारदीय नव रात्रि पर माता कैलाश पर्वत से अपने मायके आती हैं और भक्तों पर कृपा बरसाती हैं। इस वर्ष शारदीय नवरात्रि पर दुर्लभ संयोग भी बन रहे है, जिससे इस वर्ष की शारदीय नवरात्रि का महत्व और अधिक बढ़ गया। नवरात्रि पर मां के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है। आज नवरात्रि के प्रथम दिन भक्त मां के प्रथम स्वरूप (शैलपुत्री) का पूजन अर्चन कर रहे हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार माता शैलपुत्री को सफेद रंग प्रिय है। माता शैलपुत्री के पूजन में सफेद पुष्प, सफेद चन्दन, और सफेद मिठाई से भोग लगाएं। इस शारदीय नवरात्रि में सर्वार्थसिद्धि योग, रवियोग, भद्रावास योग आदि पड़ने की बजह से इसका महत्व और बढ़ गया है।

मंदिरों पर भक्तों की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। सभी मंदिरों, गली चौराहों पर सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।