14HREG382 मुरैना: मासूम बालिका की ट्रैक्टर की टक्कर से मौत
मुरैना, 14 अक्टूबर (हि.स.)। जौरा शहर की सड़कों पर तेज आवाज में डैक बजाते हुए ट्रैक्टर नियम कानूनों की धज्जियां उड़ाते हुए मौत का पैगाम देते खुलेआम दौड़ रहें हैं। इन ट्रैक्टरों से आए दिन दुर्घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। ऐसी ही एक दुर्घटना में आज शनिवार को लापरवाह ट्रैक्टर चालक ने वाहन को लापरवाही से चलाते हुए तीन वर्षीय मासूम बालिका कनिका उपाध्याय की जान ले ली।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह लगभग 11 बजे तीन वर्षीय मासूम कनिका पुत्री धर्मेन्द्र उपाध्याय को उसका चाचा रवि गोद में लेकर घर के बाहर कहीं जा रहा था तभी अचानक ट्रैक्टर चालक रमबरन गुर्जर निवासी कासीपुर ट्रैक्टर पर तेज आवाज में डैक बजाते हुए निकला। ट्रैक्टर चालक ने अपने वाहन को लापरवाही पूर्वक चलाते हुए रवि शर्मा में टक्कर मार दी। जिससे मासूम कनिका अपने चाचा रवि की गोद से गिरकर ट्रैक्टर के पहिया के नीचे आ गई, जिससे उसकी आंतें बाहर आ गई। कनिका की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर मासूम के शव का पोस्टमार्टम कराया। उधर इस वीभत्स दुर्घटना के बाद नगर में तेज गति से दौड़ते ट्रैक्टर चालकों के खिलाफ कार्यवाही की मांग जोर पकडऩे लगी है।