नटबीर मंदिर के नाम पर कालोनी के नामकरण की मांग

Share

13HREG25 नटबीर मंदिर के नाम पर कालोनी के नामकरण की मांग

लखनऊ, 13 अक्टूबर(हि.स.)। नगर निगम के जोन छह में ठाकुरगंज क्षेत्र में बरावनकलां शहरी क्षेत्र में नटबीर बाबा मंदिर स्थित है। नटबीर मंदिर के आसपास विकसित हुईं कालोनी में हजारों संख्या में आबादी रहने लगी है। कालोनी से जुड़े मार्ग को नटबीर बाबा मार्ग कहा जाता है। कालोनीवासी की ओर से नगर आयुक्त व महापौर को पत्र दिया गया है। जिसमें उनकी मांग है कि मंदिर के नाम पर कालोनी का नामकरण नटबीर कालोनी किया जाये।

महापौर को पत्र देने वाले राम नरेश शर्मा ने कहा कि बरावनकलां क्षेत्र का बच्चा-बच्चा नटबीर बाबा मंदिर पर दर्शन पूजन को आता रहा है। नटबीर बाबा मंदिर का धार्मिक महात्म अधिक है और पूरे क्षेत्र में बाबा की महिमा का बखान किया जाता है। बाबा की महिमा से क्षेत्र में परिवारों में सुख आते है और दुख दूर हो जाते है। नटबीर बाबा के नाम से कालोनी का नाम किये जाने के लिए स्थानीय लोगों ने महापौर से गुहार लगायी है।

उन्होंने कहा कि पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया के वक्त भी मांग उठायी गयी थी। तभी नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में यह प्रस्ताव नहीं आ सका था। इस बार प्रस्ताव पुन: दे दिया गया है। वर्तमान महापौर सुषमा खर्कवाल की ओर से नगर निगम कार्यकारिणी में कालोनी के नामकरण का विषय रखने का आश्वासन मिला है। नगर निगम के आयुक्त और अन्य अधिकारियों से भी नामकरण के लिए पत्राचार किया जा रहा है।

नटबीर बाबा मंदिर के निकट रहने वाले अनिल ने कहा कि क्षेत्र के लोगों का बिजली का बिल, दुकानों का नाम के पते पर भी नटबीर बाबा मंदिर का नाम प्रकाशित है। बिजली के बिल पर नटबीर मंदिर मार्ग या निकट नटबीर मंदिर लिख कर आता है। इसी तरह दुकानों के पते पर नटबीर मंदिर मार्ग लिखा हुआ मिलता है। बड़ी आबादी ने इस नाम को चुना है। ऐसे में नगर निगम के अधिकारियों को नामकरण के समय नटबीर नगर को प्राथमिकता देनी चाहिए।

बरावनकलां क्षेत्र में सामाजिक कार्यो को करने वाली समितियों की ओर से महापुरुषों के नाम पर कालोनी के नामकरण की मांग की गयी थी। बाद में वे सभी समितियां क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में चली गयी।