नवरात्रि पर देवी मंदिरों में सांस्कृतिक कार्यक्रम करेंगे लोक कलाकार

Share

12HREG110 नवरात्रि पर देवी मंदिरों में सांस्कृतिक कार्यक्रम करेंगे लोक कलाकार

लखनऊ, 12 अक्टूबर (हि.स.)। संस्कृति विभाग उ0प्र0 द्वारा महिलाओं एवं बेटियों की सुरक्षा एवं स्वावलम्बन के लिए राज्य सरकार की ओर से संचालित विशेष अभियान मिशन शक्ति के अंतर्गत ’’शारदीय नवरात्रि’’ के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। आगामी शारदीय नवरात्रि की तिथियों 15 अक्टूबर से 24 अक्टूबर, 2023 की अवधि में प्रदेश के चयनित देवी मंदिरों एवं शक्तिपीठों में महिलाओं एवं बालिकाओं की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए इनकी सुरक्षा हेतु सरकार द्वारा लागू कानूनों का बड़े पैमाने पर प्रचार प्रसार कराया जायेगा। यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी।

उन्होंने बताया कि सभी सांस्कृतिक कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के लिए प्रदेश के समस्त मण्डलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों को प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति मुकेश कुमार मेश्राम की ओर से 10 अक्टूबर, 2023 को शासनादेश जारी किया गया है। शासनादेश में कहा गया है कि समस्त जिलाधिकारी अपने जनपद में चयनित देवी मंदिरों तथा शक्तिपीठों में स्थानीय लोक कलाकारों भजन व कीर्तन मंडलियों का चयन अपनी अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा किया जाय। इसका समन्वय संस्कृति एवं सूचना विभाग द्वारा किया जायेगा।

जयवीर सिंह ने बताया कि शासनादेश में कहा गया है कि प्रदेश के समस्त देवी मंदिरों, शक्तिपीठों में भावपूर्ण देवी गायन/दुर्गा सप्तशती पाठ, अखण्ड रामायण पाठ तथा झांकियों के सांस्कृतिक कार्यक्रम सम्पन्न कराते हुए उनके फोटोग्राफस एवं सम्पूर्ण विवरण संस्कृति विभाग के पोर्टल पर उपलब्ध कराया जाए। समस्त जनपदों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की सूचनायें प्रतिदिन संस्कृति विभाग के पोर्टल पर इस कार्य हेतु जिला स्तर पर नामित नोडल अधिकारी द्वारा अपडेट कराया जाए।

पर्यटन मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन के लिए विशेष अभियान मिशन शक्ति चलाया जा रहा है। इस दौरान प्रत्येक जनपद में जनपद स्तरीय, तहसील स्तरीय एवं विकासखण्ड स्तरीय समिति का गठन करते हुए कार्यक्रम आयोजित किये जाए। समस्त कार्यक्रम मिशन शक्ति के अनुरूप स्थानीय जनसहभागिता के साथ आयोजित किये जाए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों हेतु स्थानीय कलाकारों का चयन संस्कृति विभाग की ई-डायरेक्टरी के लिंक https://artistdirectoryupculture.com से कापी किया जा सकता है। चयनित कलाकारों के मानदेय का भुगतान संस्कृति विभाग द्वारा किया जायेगा।

पर्यटन मंत्री ने बताया कि यह आयोजन प्रदेश स्तरीय है।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा, ध्वनि, प्रकाश एवं बैठने आदि की व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा कराई जाए।

जयवीर सिंह ने बताया कि समस्त मण्डलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों को भेजे गये शासनादेश में कहा गया है कि यह प्रदेश स्तरीय आयोजन है। इसलिए इसे प्राथमिकता देते हुए राज्य सरकार की अपेक्षाओं के अनुरूप सम्पन्न कराया जाए।