छत्रपति शिवाजी के शौर्य, त्याग, पराक्रप की अमर गाथा है जाणता राजा

Share

11HREG317 छत्रपति शिवाजी के शौर्य, त्याग, पराक्रप की अमर गाथा है “जाणता राजा”

लखनऊ, 11 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क में आगामी 26 से 31 अक्टूबर तक विश्व प्रसिद्ध, ऐतिहासिक, महानाट्य समारोह “जाणता राजा” का मंचन होगा। छह दिनों तक चलने वाले इस महानाट्य समारोह का आयोजन सुप्रसिद्ध समाजसेवी संस्थान “दिव्य प्रेम सेवा मिशन” द्वारा किया जा रहा है।

आयोजन के सह सचिव शतरूद्र प्रताप सिंह ने बताया कि “जाणता राजा” महानाट्य समारोह 350 वर्ष पूर्व हिंदवी साम्राज्य के संस्थापक रहे छत्रपति वीर शिवाजी महाराज के शौर्य, त्याग और पराक्रम की गौरव गाथा को जीवंतता से प्रस्तुत करता है। अब तक विश्व भर में इसको लगभग 1200 बार मंचित किया जा चुका है। राजधानी में इस नाट्य समारोह के महामंचन के लिए जनेश्वर मिश्र पार्क के 2 लाख वर्गफूट चिन्हित परिसर में एक चार मंजिला किले का निर्माण किया जा रहा है। उपरोक्त मंच पर 250 विशेषज्ञ एवं नामचीन कलाकारों द्वारा नाट्य समारोह की प्रस्तुतियां प्रतिदिन शाम 6 बजे से जीवंत की जाएंगी। नाट्य प्रस्तुति में हाथियों, घोड़ों, ऊंटों और पालकियों आदि का वास्तविक समावेश रहेगा। जिससे कि दर्शकों को मंचन की भव्यता, पौराणिकता और जीवंतता का ऐतिहासिक दृश्यबोध कराया जा सके। समारोह के आयोजन स्थल का भूमि पूजन विधि विधान पूर्वक विगत 8 अक्टूबर को किया जा चुका है।

आगामी 26 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलने वाले इस महा नाट्य समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल सहित अनेक गणमान्य हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। साथ ही पहली बार सभी आयु वर्ग के सवा लाख दर्शकों को इस समारोह में शामिल किए जाने की तैयारी की गई है। समारोह में प्रवेश एक विशेष प्रवेशिका टिकट द्वारा होगा।

समारोह के सफल आयोजन के लिए राजधानी लखनऊ में मौजूद आयोजन प्रमुख आशीष गौतम ने बुधवार को पत्रकारों से भेंट की।