10HREG154 जिला जेल में महिला बंदी की मौत
बदायूं, 10 सितम्बर (हि.स.)। जिला जेल में दहेज हत्या के आरोप में बंद महिला बंदी की रविवार को बीमारी की वजह से मौत हो गई। जेल प्रशासन ने महिला बंदी के परिवार को मौत की खबर देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
उसहैत थाना क्षेत्र के खजुरा पुख्ता गांव के रहने वाले भैयालाल की पत्नी सन्तोष देवी दहेज हत्या के मामले में 12 अगस्त 2023 को जेल आई थी। दरअसल सन्तोष देवी के बेटे कुंदनपाल की शादी शाहजहांपुर जिले के गांव खनपुरा की रहने वाली अमरोती के साथ हुई थी। 30 जुलाई को अमरोती की फांसी लगाने से मौत हो गई थी। इसके बाद मायके वालों ने सास संतोष देवी सहित चार लोगों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें पुलिस ने संतोष देवी को भी जेल भेज दिया था।
जेलर ने बताया कि महिला क्षय रोग से ग्रस्त थी। महिला का पिछले काफी समय से राजकीय मेडिकल कॉलेज में भी इलाज चल रहा था। रविवार को महिला की मौत हो गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।