विकसित राष्ट्र के लिए ‘एक देश एक चुनाव’ जरूरी : डॉ नरेंद्र सिंह गौर

Share

10HREG287 विकसित राष्ट्र के लिए ‘एक देश एक चुनाव’ जरूरी : डॉ नरेंद्र सिंह गौर

–बार बार चुनाव का होना देश के विकास में बाधक : गणेश केसरवानी

प्रयागराज, 10 सितम्बर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रबुद्ध प्रकोष्ठ द्वारा ‘एक देश एक चुनाव’ विषयक संगोष्ठी में मुख्य वक्ता पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ नरेंद्र कुमार सिंह गौर ने कहा कि अगर देश में एक चुनाव हो तो बार-बार चुनाव में जो पैसा खर्च होता है वह पैसा विकास में लगेगा। इससे हम विकसित राष्ट्र की ओर बढ़ेंगे। एक देश एक चुनाव विकसित राष्ट्र के लिए अब जरूरी हो गया है।

सिविल लाइन स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित संगोष्ठी में विशिष्ट अतिथि महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि बार-बार चुनाव का होना देश के विकास में बाधा उत्पन्न करता है। क्योंकि प्रतिवर्ष किसी न किसी रूप में देश के अंदर कभी विधानसभा, कभी लोकसभा तो कभी नगर पालिका, नगर निगम, जिला पंचायत, नगर पंचायत का चुनाव होता है। तो आदर्श चुनाव संहिता लगने के कारण बहुत से विकास कार्य रुक जाते हैं। उन्होंने कहा कि एक देश एक चुनाव की आवाज प्रयागराज से जानी चाहिए। इसके लिए हम सब प्रबुद्ध लोग मिलकर जनता के बीच में जाएं और एक देश एक चुनाव के बारे में जनता को अवगत कराकर कारण और जनमत संग्रह करें।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार मो. मोईन, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अमरेंद्र नाथ सिंह, पूर्व उप महापौर मुरारी लाल अग्रवाल और डॉ एलएस ओझा ने कहा कि बार-बार चुनाव होने से करोड़ों रुपये जनता का खर्च होता है और जनता को परेशानी का भी सामना करना पड़ता है।

कार्यक्रम संयोजक पीयूष सिंह ने अतिथियों को अंगवस्त्रम पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। संचालन महामंत्री कुंज बिहारी मिश्रा ने किया। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा, वरुण केसरवानी, राजेश केसरवानी, अंजनी सिंह, गिरिजेश मिश्रा, मनोज मिश्रा, अजय अग्रहरि, जीपी मिश्रा एवं प्रबुद्ध समाज के लोग उपस्थित रहे।