08HREG391 त्रिस्तरीय पंचायत उप चुनाव : सपा की साइकिल से शीला ने भरी रफ्तार
मीरजापुर, 08 सितम्बर (हि.स.)। त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव के लिए मतगणना कड़ी सुरक्षा में शुक्रवार को हुई। जिला पंचायत सदस्य राजगढ़ तीन के लिए समाजवादी पार्टी प्रत्याशी शील कुमारी ने 4998 मत पाकर जीत दर्ज की। वहीं अपना दल एस प्रत्याशी आरती देवी को 4527 मत पाकर ही संतोष करना पड़ा। वहीं रीता देवी को 3159 और सुगवंती को 136 मत ही मिले।
चुनाव अधिकारी अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे देवेंद्र प्रताप सिंह ने प्रमाण पत्र दिया। इसी प्रकार प्रधान पद के चुनाव में विकास खंड सिटी के खरहरा में पूजा देवी 584 मत तथा कोन के रामपुर में निशा देवी 479 मत पाकर विजयी हुई। विकास खंड राजगढ़ में जिला पंचायत सदस्य और विकास खंड सिटी व कोन में प्रधान पद के लिए मतगणना शुक्रवार को सुबह आठ बजे से हुई। चुनाव में 13,042 मत डाले गए थे, इसमें से 12820 मत सही मिले, जबकि 222 मत रद हो गए।
सिटी के खरहरा में पूजा व कोन के रामपुर में निशा देवी बनीं प्रधान
विकास खंड सिटी में पूजा देवी 584, पार्वती देवी 469, ममता 353, लक्ष्मीना 49 और अवैधी को महज चार मत मिला। चुनाव में कुल 1464 मत पड़े थे, इसमें से 1455 मत सही मिले, जबकि नौ मत खारिज हुए। इसी प्रकार विकास खंड काेन में निशा देवी को 479 और उनके निकटतम प्रतिद्वंदी राजकुमारी देवी को 337 मत मिले। चुनाव में 842 मत पड़े थे, इसमें से 816 मत सही मिले। जबकि 26 मत रद्द किए गए।