आम आदमी पार्टी ने मणिपुर घटना के विरोध में भोपाल किया प्रदर्शन, केंद्र सरकार और मणिपुर सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

Share

21HREG258 आम आदमी पार्टी ने मणिपुर घटना के विरोध में भोपाल किया प्रदर्शन, केंद्र सरकार और मणिपुर सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

भोपाल, 21 जुलाई (हि.स.)। मणिपुर में हिंसा और दो आदिवासी युवतियों के साथ हुई शर्मनाक हरकत के विरोध में शुक्रवार को भोपाल के रोशनपुरा चौराहे पर आम आदमी पार्टी ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं नें केंद्र सरकार और मणिपुर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

रोशनपुरा चौराहे पर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता एकजुट हुए और उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। महिला कार्यकर्ताओं ने मणिपुर में आदिवासी युवतियों के साथ हुए दुर्व्यवहार को लेकर नाराजगी जताई। आम आदमी पार्टी की महिला विंग की जिलाध्यक्ष प्रीति खरे ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मणिपुर हिंसा पर बोलने में 79 दिन क्यों लगे। क्या केंद्र सरकार मणिपुर में शुरुआत में स्थिति बिगड़ने पर हस्तक्षेप नहीं कर सकती थी। क्या पहले ही मणिपुर में हालात पर काबू नहीं पाया जा सकता था।

प्रीति खरे ने कहा कि मध्य प्रदेश की नहीं बल्कि पूरे देश में भाजपा राज में महिलाओं पर अत्याचार बढ़ते जा रहे हैं। महिलाएं देश में सुरक्षित नहीं हैं। भाजपा के नेता, कार्यकर्ता ही महिलाओं, बेटियों के साथ रेप,छेड़खानी जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ लगातार अत्याचार बढ़ रहे हैं लेकिन प्रदेश की सरकार क्राइम को रोकने में नाकाम हैं।