19HREG444 भोपाल: सौरभ बंदोपाध्याय हटे, देवाशीष त्रिपाठी बने नए डीआरएम
भोपाल, 19 जुलाई (हि.स.)। रेल मंडल के मंडल प्रबंधक सौरभ बंदोपाध्याय का तबादला हो गया है। उनके स्थान पर देवाशीष त्रिपाठी भोपाल रेल मंडल के नए डीआरएम बनाए गए हैं। नए मंडल प्रबंधक देवाशीष त्रिपाठी ने बुधवार से कार्यभार संभाल लिया है। मंडल रेल कार्यालय में उन्होंने निवर्तमान डी.आर.एम. सौरभ बंदोपाध्याय से कार्यभार ग्रहण किया। वर्तमान पद स्थापना से पूर्व त्रिपाठी पश्चिम रेलवे में मुख्य रोलिंग स्टॉक इंजीनियर (फ्रेट/आपरेशन) के पद पर कार्यरत थे।
वंदे भारत की आग में तो नहीं झुलसे डीआरएम बंदोपाध्याय
जिस तरह से अचानक डीआरएम सौरभ बंदोपाध्याय का तबादला हुआ है, उससे जानकारों में यह संदेह पैदा हो रहा है कि हो न हो, डीआरएम बंदोपाध्याय साहब वंदे भारत ट्रेन की आग में झुलस गए हैं। यह संदेह इसलिए भी गहरा रहा है, क्योंकि अभी बंदोपाध्याय साहब की नई पोस्टिंग भी नहीं की गई है। गौरतलब है कि भोपाल से हजरत निजामुद्दीन जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस के एक कोच में सोमवार सुबह बीना स्टेशन के पास आग लग गई थी। वंदे भारत प्रधानमंत्री मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट है और इसीलिए रेल प्रशासन इनके मामले में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं करता।