18HREG361 मप्र में सभी बांध और बड़े जलाशयों पर अधिकारी रहे तैनात : मंत्री सिलावट
– जल भराव की स्थिति निर्मित होने पर त्वरित निर्णय लेने के निर्देश
– जल संसाधन मंत्री सिलावट ने की समीक्षा बैठक
भोपाल, 18 जुलाई (हि.स.)। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने मंगलवार को मंत्रालय में राज्य में अति वर्षा, बांध सुरक्षा और बाढ़ की स्थिति के संबंध में समीक्षा बैठक की। मंत्री सिलावट ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य और जिला स्तर पर बनाए गए कंट्रोल रूम 24 घंटे कार्यरत रहें और सभी जिले सतत संपर्क में रहें। प्राप्त सूचनाओं का त्वरित संप्रेषण किया जाए। जल भराव की स्थिति निर्मित होने पर बाँधो के फाटक खोलने के पूर्व स्थानीय जिला प्रशासन को सूचित करें। प्रभावित जिलों के कलेक्टर और स्थानीय प्रशासन को इसके लिए पूर्व में ही सूचना दी जाए।
सिलावट ने कहा कि विभाग के अधिकारी बाढ़ की स्थिति का आकलन करें। बांध और जलाशय में जल की आवक को देखते हुए अतिरिक्त जल-भराव के साथ ही गेट खोलने की प्रक्रिया शुरू करें। उन्होंने निर्देश दिए की प्रमुख जलाशय और बांध के लिए वरिष्ठ अधिकारी तैनात किए जाए। अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए। उन्होंने जल संसाधन विभाग के ईएनसी शिशिर कुशवाह को निर्देश दिए की वर्तमान में प्रदेश में बाँधों में पानी की स्थिति और आस-पास के जिलों में अति-वर्षा को देखते हुए बाढ़ नियंत्रण के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाए। कही भीं अतिरिक्त जल-भराव की स्थिति निर्मित नहीं हों। इसके लिए लगातार निगाह रखी जाए।
प्रमुख अभियंता कुशवाह ने बताया की प्रदेश के सभी बड़े और मध्यम स्तर के 42 जलाशयों में जल-भराव की स्थिति सामान्य है। कही भी अतिवर्षा के कारण अभी पानी छोड़ने को स्थिति नहीं है। केवल 2 बांध से पानी छोड़ा गया था। अब स्थिति सामान्य है। इस अवसर पर प्रमुख सचिव मनीष सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।