18HREG48 शिवपुरी: आत्महत्या के प्रयास में टावर पर चढ़ी शादीशुदा युवती
नरवर, 18 जुलाई (हि.स.)। शिवपुरी जिले के मगरोनी चौकी क्षेत्र के पनघटा गांव में एक टावर पर एक महिला ने चढ़कर अपने प्रेमी को बुलाने की मांग करने लगी। करीब साढ़े 3 घंटे के बाद महिला समझाइश के बाद टावर से उतरने को राजी हुई। इस दौरान पुलिस सहित एसडीआरएफ ने टावर के नीचे सुरक्षा के इंतजाम कर लिए थे।
जानकारी के अनुसार पनघटा गांव की रहने वाली एक महिला मंगलवार सुबह 7 बजे पनघटा गांव के पास पावर हाउस के टावर पर चढ़ गई थी। सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर मगरौनी चौकी प्रभारी दीपक शर्मा सहित नायब तहसीलदार मौके पर पहुंच गए। महिला लगातार जितेंद्र नाम के व्यक्ति को मौके पर बुलाने की मांग कर रही थी।
पुलिस ने महिला को नीचे उतरने की अपील भी की, लेकिन महिला नीचे नहीं उतरी और लगातार वह अपनी मांग पर अड़ी रही। महिला के हट को देखते हुए एहतियातन मौके पर एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया जिसने टावर के नीचे जाल इत्यादि सुरक्षा के इंतजाम कर लिए। करीब 10:30 बजे महिला नीचे उतरने को राजी हुई।
जानकारी के अनुसार पनघटा गांव की रहने वाली महिला शादीशुदा है उसके दो बच्चे भी हैं उसकी शादी खनियाधाना क्षेत्र के रहने वाले एक युवक से हुई थी। पति से हुए झगड़े के बाद कई महीनों से महिला अपने मायके पनघटा में ही रह रही थी।
बताया गया है कि महिला का जितेंद्र नाम के एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग भी था आज महिला सुबह एकाएक टावर पर चढ़ गई और अपने प्रेमी को मौके पर बुलाने की मांग करने लगी, हालांकि सुरक्षा के इंतजाम को देखते हुए महिला करीब साढ़े तीन घंटे बाद खुद ही टावर से नीचे उतर आई। पुलिस सहित प्रशासन महिला से पूछताछ करने में जुटी हुई है।