16HREG237 आप प्रदेश अध्यक्ष ने विकास पर्व को बताया दिखावा, कहा- विकास प्रदेश और जनता का नहीं भाजपा नेताओं का हुआ
भोपाल, 16 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में चुनाव से पहले प्रदेश सरकार के विकास पर्व को लेकर आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा हर चीज को केवल इवेंट बनाना जानती है। भाजपा सरकार की योजना का भले ही किसी को लाभ न मिला हो लेकिन भाजपा सरकार ऐसे दिखाती है जैसे उसकी योजना से प्रदेश के करोड़ों लोगों की किस्मत बदल गई हो। उन्होंने कहा कि भाजपा और भाजपा सरकार झूठ बोलने में माहिर है।
रानी अग्रवाल ने रविवार को अपने बयान में कहा कि भाजपा का विकास पर्व केवल दिखावा है। विकास पर्व के जरिए आखिर सरकार क्या करना चाहती है। चुनाव के वक्त ही सरकार को योजनाओं के लोकार्पण, शिलान्यास की याद क्यों आई। प्रदेश में 20 सालों से भाजपा की सरकार है, इन सालों में प्रदेश की तस्वीर और जनता की तकदीर क्यों नहीं बदल पाई। उन्होंने कहा कि विकास पर्व कुछ नहीं हैं बल्कि इसके जरिए शिवराज सरकार ये जानने की कोशिश कर रही है कि आखिर प्रदेश में सरकार के खिलाफ कितनी नाराजगी है। भाजपा और भाजपा सरकार जनता की नाराजगी से वाकिफ हैं और उसी गुस्से को भांपने के लिए भाजपा सरकार अब विकास पर्व मना रही है।
आप प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 20 सालों के भाजपा राज में प्रदेश का विकास नहीं हुआ, जनता का विकास नहीं हुआ, विकास हुआ तो सिर्फ भाजपा नेताओं का। उन्होंने कहा कि कभी साइकिल पर चलने वाले भाजपा नेता अब सफेद कुर्ता पहनकर बड़ी-बड़ी गाड़ियों में घूम रहे हैं। प्रदेश के हर जिले में भाजपा नेता हर तरह के अवैध कामों में संलिप्त हैं। सत्ता के नशे में ये नेता इतने मदमस्त हैं कि ये आदिवासियों के ऊपर पेशाब करने से भी नहीं हिचकिचाते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता करोड़ों की संपत्ति के मालिक बन गए जबकि जनता की हालत और खराब हो गई। बढ़ती महंगाई और आय उतनी ही होने से गरीबों को दो वक्त की रोटी के भी लाले पड़ रहे हैं।