16HREG290 इंदौरः मंत्री सिलावट के प्रयासों से सांवेर क्षेत्र के ग्राम खलखला की बदली तस्वीर
– एक वर्ष में 10 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की मिली सौगात
इंदौर, 16 जुलाई (हि.स.)। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट के प्रयासों से सांवेर विधानसभा क्षेत्र को आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाया जा रहा है। इसी सिलसिले में विधानसभा क्षेत्र के एक गाँव खलखला में एक वर्ष में दस करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली तथा सैकड़ों हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ पहुँचाया गया। मंत्री सिलावट रविवार को इस गाँव में पहुंचे और उन्होंने गाँव में विकास पर्व के दौरान 25 लाख रुपये से अधिक की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इन कार्यों में सीमेंट-कांक्रीट रोड़ तथा पुलिया निर्माण के काम शामिल हैं।
मंत्री सिलावट ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये बताया कि सांवेर विधानसभा क्षेत्र में तेज गति से विकास किया जा रहा है। साँवेर विधानसभा क्षेत्र का चहुँमुखी विकास हो रहा है। इस विधानसभा क्षेत्र को आदर्श बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में खलखला में दस करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों की सौगात मिलना और सैकड़ों हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ मिलना बेहतर उदाहरण है।
उन्होंने बताया कि इस गाँव में पिछले एक वर्ष में उक्त राशि से गाँव के विकास के लिये पानी की टंकी बनाने,डेम बनाने, खेत-सड़क सहित अन्य सड़कों के निर्माण, वृक्षारोपण,सामुदायिक शौचालय बनाने, स्वच्छता के लिये सेगरीगेशन शेड बनाने,चेकडेम बनाने,कचरा गाड़ी देने सहित अन्य कार्य प्राथमिकता से हुये हैं। ग्रामीणों को बड़ी संख्या में लाभान्वित किया गया है। इनमें से गांव की 292 बहनों को लाड़ली बहना योजना, 71 ग्रामीणों को आवास देने, 85 जरुरतमंद लोगों को प्रतिमाह पेंशन का लाभ देने के कार्य किये गये हैं। साथ ही संबल योजना में 231 पंजीयन हुये हैं। इनमें से 23 हितग्राहियों को सहायता उपलब्ध करायी गयी है। इसी प्रकार गाँव की 76 बालिकाओं का लाड़ली लक्ष्मी योजना का लाभ दिया जा रहा है। 132 महिलाओं को उज्जवला गैस कनेक्शन दिये गये हैं। गाँव में 153 राशन कार्ड धारियों को प्रतिमाह राशन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि साँवेर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गाँव में इसी तरह के विकास कार्य हो रहे हैं।