16HREG266 प्रभावितों की करें हर संभव मदद, कोताही नहीं होगी बर्दाश्त : डा. निशंक
हरिद्वार,16 जुलाई (हि.स.)। हरिद्वार सांसद डा. रमेश पोखरियाल निशंक ने जिले के बाढ़ग्रस्त इलाकों का निरीक्षण करने के बाद आज सीसीआर कंट्रोल रूम में प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने राहत सामग्री के वितरण और राहत कार्यों का जायजा भी लिया।
बैठक के दौरान डा. निशंक ने अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देशित करते हुए कहा कि एक भी आम आदमी को परेशानी नहीं होनी चाहिए। आपदा की स्थिति में किसी भी तरह की कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि राहत कार्यों के लिए जनपद हरिद्वार को राज्य आपदा मोचन निधि द्वारा 35 करोड़ की धनराशि उपलब्ध कराई गई है। साथ ही जनहानि और पशुहानि के लिए अब तक 20.36 लाख की धनराशि भी वितरित की गई है।
डा. निशंक ने बताया कि तहसील लक्सर अन्तर्गत बाढ़ से प्रभावित 33 ग्रामों के कुल प्रभावित 81 परिवारों को अस्थायी राहत केन्द्रों में शिफ्ट किया गया है। जो 2775 परिवार जो प्रभावित हैं उनकी पूरी मदद की जा रही है। तहसील हरिद्वार अन्तर्गत 14 ग्राम बाढ़ से प्रभावित हैं। इनके 141 परिवारों के 650 व्यक्तियों को राहत सामग्री पहुंचा दी गई है। तहसील रुड़की अन्तर्गत 22 ग्राम बाढ़ से प्रभावित हैं, जिनके 750 परिवारों के लगभग 3200 व्यक्तियों को सहायता राशि वितरित की जा रही है। तहसील भगवानपुर अन्तर्गत 2 ग्राम बाढ़ से प्रभावित होने जिनके 90 परिवारों के लगभग 380 व्यक्तियों को राहत वितरण की जा रही हैं।
सांसद डा. निशंक ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि अगर किसी भी प्रकार की विषम परिस्थिति आती है तो हम उसके लिए पूरी तरह से तैयार हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियो को निर्देशित कर दिया गया है कि राहत शिविर में किसी भी तरह से कोई समस्या नहीं होनी चाहिए।
इस दौरान रानीपुर विधायक आदेश चौहान, जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्बयाल, एसएसपी अजय सिंह, एडीएम वीर सिंह बुधीयाल, नगर आयुक्त दयानंद सरस्वती सीएमओ मनीष दत्त, पीडब्ल्यूडी, पशुपालन, खाद्यान्न आपूर्ति सहित तमाम अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।