16HREG359 पुलिस ने कांवड़ में बिछड़े हुए भाई को बहन से मिलाया
हरिद्वार, 16 जुलाई (हि.स.)। हरिद्वार में कांवड़ मेले के दौरान बिछड़ गए भाई को पुलिस ने ढूंढ कर उसकी बहन से मिलाया। बिछड़ा भाई दिल्ली से कावड़ लेने हरिद्वार आया था।
पुलिस कप्तान के पीआरओ विपिन पाठक ने बताया कि कांवड़ मेले के दौरान परिजनों से बिछड़ गए कई शिव भक्तों को मेला समाप्त होने के बाद आज ढूंढ-ढूंढकर परिजनों से मिलाया गया। इनमें से ही एक छोटा कांवड़िया दिल्ली से आया था। मेले में उसके बिछड़ जाने से जहां परिवार वाले परेशान थे, वहीं उसकी बहन का रो-रोकर बुरा हाल था। उक्त कांवड़िया के परिजन आज रविवार को मंगलौर कोतवाली पहुंचे। परिजनों के द्वारा दी गयी फ़ोटो के आधार पर कोतवाली प्रभारी महेश जोशी ने तत्काल कॉन्स्टेबल सुरेंद्र शर्मा व नंदकिशोर को तलाशी अभियान पर लगाया।
दोनों कांस्टेबल द्वारा जहां जहां पर कांवड़ मेला के दौरान भंडारे लगे थे, वहां तलाश और पूछताछ की गई। कुछ घंटों की मशक्कत के बाद कावड़िया शिवा पुत्र महेंद्र निवासी लेप्रोसी कॉलोनी थाना आनंद नगर सीमापुरी दिल्ली को राष्ट्रीय राजमार्ग अब्दुल कलाम चौक के निकट मिल गया।
उक्त कांवड़िया जो कि घर का इकलौता बेटा था को देखकर उसकी बहन जहां खुशी से रो पड़ी, वहीं परिजनों ने अपने बेटे को सकुशल पाकर हरिद्वार पुलिस का शुक्रिया अदा किया।