पुलिस के जवानों ने योगाभ्यास और प्राणायाम से सीखा तनाव मुक्त रहना

Share

16HREG98 पुलिस के जवानों ने योगाभ्यास और प्राणायाम से सीखा तनाव मुक्त रहना

आर्ट ऑफ लिविंग कोर्स के दौरान सीखी स्वस्थ जीवन जीने की कला

मऊ 16 जुलाई ( हि. स ) सुदर्शन क्रिया कार्यकुशलता को बढ़ाती है। इसके निरन्तरअभ्यास से व्यक्ति मानसिक रूप से चुस्त- दुरुस्त रहता है। ध्यान, योग, साधना परंपराएं रही हैं जिनके सानिध्य में रहने से अपने व्यस्त जीवन में व्यक्ति अवसादों से दूर रहता है। उपरोक्त बातें पुलिस लाइन में आयोजित आर्ट ऑफ लिविंग कार्यक्रम के दौरान बेंगलुरु आश्रम से पधारे गुरु मिलन जी महाराज ने पुलिस कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा।

श्री श्री रविशंकर जी की संस्था के वरिष्ठ संत मिलन जी महाराज ने पांच दिवसीय आर्ट ऑफ लिविंग योग शिविर के समापन अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि विरोधाभासी मूल्य एक दूसरे के पूरक होते हैं। यदि आपको स्वस्थ व मस्त रहना है तो व्यक्ति व परिस्थिति जैसी भी हो, उसे स्वीकार कीजिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान क्षण अटल है वर्तमान में ही जीना सीखो। भूत और भविष्य केवल तकलीफ का कारण बनते हैं। कार्यकुशलता के लिए मूल मंत्र 100% अपना योगदान ही है इसके अतिरिक्त अन्य कोई साधना आपकी कार्यकुशलता में निखार नहीं ला सकती जब तक आपका उसमें योगदान 100 प्रतिशत नहीं होगा। उन्होंने कहा कि शौर्य बढ़ाने के लिए जिम्मेदारी लेना ही आवश्यक है। जब तक जिम्मेदारी नहीं लेंगे तब तक आप को शौर्य नहीं प्राप्त होगा। शिकायतों में जीवन नहीं बिताने के बात उन्होंने कही।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय ने कहा कि परम प्रभु के आशीर्वाद से पुलिस लाइन में यह पुनीत शिविर संभव हो सका है। सांस्कृतिक गतिविधियां और अपनी परंपराओं पर प्रकाश डालते हुए श्री पाण्डेय ने कहा कि पाश्चात्य शिक्षा पद्धतियों ने हमारे परंपराओं, सांस्कृतिक गतिविधियां, रीतियों का काफी क्षरण किया। लेकिन हमारे इसी तरह से धार्मिक सांस्कृतिक गतिविधियों योग, साधना ध्यान जैसे शिविर के माध्यम से आज समूचा विश्व योग साधना की ओर बढ़ता जा रहा है। जो हमारी संस्कृति की सर्वग्राह्यता का प्रमाण है। उन्होंने हमारी परंपराओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कर्मयोग, ध्यान योग और ज्ञान योग हमारी पुरानी परंपराएं रही हैं। ऐसे में एक सामान्य किसान भी कर्म योग के माध्यम से खेतों में काम कर अपने आप को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखता था। लेकिन आज हम खेतों की ओर जाना छोड़ दिए हैं, जिससे हम तमाम बीमारियों की ओर बढ़ते नजर आ रहे हैं। पर्यावरण संरक्षण के बाबत अविनाश पांडेय ने कहा कि जो भी प्राकृतिक धरोहर व संसाधन हमें प्राप्त हुआ है, हमारी जिम्मेदारी बनती है कि हम अगली पीढ़ी के लिए उसे और बेहतर छोड़कर जाएं। जिससे आने वाली पीढ़ी भी उससे लाभान्वित हो सके। उन्होंने कहा कि शास्त्रों में वर्णित रहा है कि सबकी आत्मा में परमात्मा का वास है। ऐसे में हमें नैतिकता को ध्यान में इस बात को मूल मंत्र के रूप में ग्रहण करने का संदेश दिया कि जो व्यवहार हमें अपने साथ अच्छा न लगे, वह दूसरों के साथ कदापि नहीं करना चाहिए।

प्रशिक्षु आईपीएस अरुण कुमार सिंह व क्षेत्राधिकारी सदर धनंजय मिश्रा ने आर्ट ऑफ लिविंग के ध्यान, साधना, योग शिविर के लिए संत मिलन जी महाराज व उनके सहयोगियों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि तनाव, क्रोध, अशांति दूर करने के लिए यह शिविर अमृत कुंभ के सामान रहा है।

पुलिस लाइन में आयोजित 5 दिवसीय “आर्ट आफ लिविंग” में मिलन गुरु जी, प्रशिक्षु आईपीएस अरुण कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर धनंजय मिश्रा, क्षेत्राधिकारी मोहम्दाबाद गोहना अजय विक्रम सिंह, क्षेत्राधिकारी घोसी उमाशंकर उत्तम जी, प्रतिसार निरीक्षक रमाकांत पांडे व योग शिक्षक भानु मिश्रा के साथ ही सैकड़ों की संख्या में पुलिस जवानों व अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

पुलिस लाइन में लगाए गए 2000 पौधे

मऊ। पुलिस लाइन परिसर में आयोजित पांच दिवसीय ध्यान योग शिविर समापन समारोह के अवसर पर धर्मगुरु मिलन जी महाराज व पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय के नेतृत्व में एक साथ 2000 पौधे रोपित किए गए। औषधीय गुणों से युक्त लगाए गए पौधों के पालन पोषण की जिम्मेदारी भी अधिकारियों के ऊपर तक कर दी गई। पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय ने कहा कि आज समूचा विश्व पर्यावरण के साथ खिलवाड़ का प्रतिफल झेल रहा है। हमारे द्वारा पर्यावरण के साथ की जा रही अनदेखी का परिणाम यह निकल रहा है अब मौसम के समय तक में परिवर्तन होता नजर आने लगा है। जिससे समूचा मानव जीवन का अस्तित्व खतरे में नजर आने लगा है। ऐसे में अब से भी समय है कि सभी लोग जिम्मेदारियों को समझते हुए पेड़-पौधे लगाएं जिससे पर्यावरण सुरक्षित रहे।

इस अवसर पर सहायक पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर धनंजय मिश्र, क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद अजय विक्रम सिंह, क्षेत्राधिकारी घोसी उमाशंकर उत्तम, प्रतिसार निरीक्षक रमाकांत पांडे और मिलन मेहता और भानु मिश्रा उपस्थित रहे।