02HREG335 गांधीवादियों ने बनाया मानव श्रृंखला, सर्व सेवा संघ को दिया समर्थन
वाराणसी, 02 जुलाई (हि.स.)। राजघाट स्थित सर्व सेवासंघ परिसर में प्रशासन की कार्रवाई के विरोध में रविवार को गांधीवादियों ने सत्याग्रह किया और मानव श्रृंखला बनाई। सुबह से ही परिसर में जुटे विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के कार्यकर्ताओं ने राजघाट बसंत कॉलेज मोड़ से लेकर मस्जिद के गेट तक मानव श्रृंखला बनाई। इसके बाद पर्चे बांटकर लोगों को जिला प्रशासन की मनमानी के बारे में बताया।
इस दौरान गांधीवादियों ने कहा कि सर्व सेवा संघ को बचाने के लिए तन मन धन से तैयार हैं। इसके लिए जो भी कुर्बानी देनी पड़ेगी, पीछे नहीं हटेंगे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सर्व सेवा संघ का आंदोलन एक जन आंदोलन के रूप में परिवर्तित हो चुका है। आने वाले दिनों में भाजपा को इससे बहुत नुकसान होगा। सरकार को यह पता होना चाहिए कि जिनके ऊपर आरोप लगाया है, वह हमारे प्रेरणा पुरुष हैं। देश विनोबा भावे, जयप्रकाश नारायण, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री, डॉ राजेंद्र प्रसाद को अपना आदर्श मानता है। इनका सार्वजनिक और व्यक्तिगत जीवन एक आदर्श स्थापित करता है। भारत के नौजवान और पीढ़ियां उनसे प्रेरणा लेती है। संघ परिसर में प्रशासन का हस्तक्षेप गांधी व जेपी के विचारों के खिलाफ दमनकारी नीति है। जिसे यह समाज बर्दाश्त नहीं करेगा। वक्ताओं ने कहा कि अदालत में संघ परिसर के स्वामित्व की सुनवाई लम्बित है। इसलिए यहां प्रशासन को कोई कार्रवाई नहीं करने दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों हाईकोर्ट के आदेश पर सुनवाई करते हुए वाराणसी जिलाधिकारी ने भी परिसर को रेलवे की जमीन होने का हवाला देकर 30 जून तक परिसर को खाली करने का आदेश दिया था। नहीं हटने पर तोड़ने का नोटिस परिसर स्थित सभी भवनों को चस्पा कर दिया गया था। जिलाधिकारी के आदेश के खिलाफ सर्व सेवा संघ की ओर हाईकोर्ट में अपील की गई है। उसमें सुनवाई जारी है।
मानव श्रृंखला में वरिष्ठ गांधीवादी अमरनाथ, प्रोफेसर आनंद कुमार, राज्यसभा सांसद अनिल हेगडे, संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंदन पाल, रामधीरज, आशा, नंदलाल मास्टर, रंजू सिंह, सुरेंद्र भाई, धनंजय त्रिपाठी, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष के अलावा गाजीपुर, जौनपुर, इलाहाबाद, दिल्ली, राजस्थान, उड़ीसा, बिहार, छत्तीसगढ़ से आए हुए गांधीवादी कार्यकर्ता शामिल रहे।