मप्र: छिंदवाड़ा के प्रतिष्ठापूर्ण वार्ड 42 से जीते भाजपा के संदीप, 13 में से 7 सीटों पर जीती पार्टी

Share

16HREG74 मप्र: छिंदवाड़ा के प्रतिष्ठापूर्ण वार्ड 42 से जीते भाजपा के संदीप, 13 में से 7 सीटों पर जीती पार्टी

भोपाल, 16 जून (हि.स.)। मध्यप्रदेश में नगर निकायों के पार्षदों की 13 सीट पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने सात सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि छह सीटें कांग्रेस ने जीती हैं। छिंदवाड़ा नगर निगम के प्रतिष्ठापूर्ण वार्ड 42 के उपचुनाव में भाजपा के पार्षद प्रत्याशी संदीप सिंह चौहान ने 436 वोट से जीत दर्ज की। जिले की परासिया नगर परिषद के वार्ड 6 से कांग्रेस प्रत्याशी पूजा पप्पू मरकाम की जीत हुई। दोनों ही सीट पार्षदों के निधन के बाद खाली हुई थीं। छिंदवाड़ा के अलावा भाजपा ने सागर के बिलहरा और बांदरी, मुरैना के जौरा, शहडोल के बुढ़ार, नीमच के रतनगढ़ तथा सतना के कोटर में जीत दर्ज की है।

छिंदवाड़ा नगर निगम के वार्ड 42 पर जीत के लिए दोनों ही दलों ने पूरी ताकत झोंक रखी थी। प्रचार का स्तर विधानसभा चुनाव जैसा था। दोनों तरफ से पूर्व मंत्री, विधायक वोट मांगने घर-घर गए थे। भाजपा के पोस्टर-बैनर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तक थे, तो कांग्रेस कमलनाथ को भावी मुख्यमंत्री बताकर वोट मांग रही थी। आखिरकार यह सीट भाजपा की झोली में गई। पार्टी प्रत्याशी संदीप सिंह चौहान को 1226 वोट मिले। उनके प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी राजू स्वामी को 790 वोट मिले।

वीडी शर्मा बोले- जनता ने आइना दिखा दिया

उपचुनाव के नतीजों पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि उपचुनाव में भाजपा ने इतिहास रचा है। छिंदवाड़ा में पार्टी प्रत्याशी ने जीत दर्ज कर इतिहास बनाया। मध्यप्रदेश में 2023 के चुनाव का आगाज हो चुका है। प्रियंका, कमलनाथ और मिस्टर बंटाधार को छिंदवाड़ा की जनता ने आइना दिखा दिया है। हमारे प्रत्याशी को 62% वोट मिला है।