भोपाल: कमलनाथ बोले- शिवराज को नाचने-गाने में नहीं, सच्चाई में हरा सकता हूं

Share

15HREG147 भोपाल: कमलनाथ बोले- शिवराज को नाचने-गाने में नहीं, सच्चाई में हरा सकता हूं

भोपाल, 15 जून (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा है कि हमारी सरकार सौदे से गई थी। मुझे प्रशासन बदलना था, बहुत सारे अधिकारियों में चर्बी चढ़ी हुई थी। मैंने जब किसानों की कर्ज माफी की बात कही, तब वे अधिकारी तैयार नहीं थे। उस समय मैं भी सौदा कर सकता था, लेकिन मैं मध्यप्रदेश की पहचान सौदे से नहीं बनाना चाहता था। यह बात कमलनाथ ने गुरुवार को भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मध्यप्रदेश कांग्रेस नगर एवं ग्राम रक्षा समिति के प्रांतीय सम्मेलन में संबोधित करते हुए कही।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि आज मध्यप्रदेश में गांव से लेकर मंत्रालय तक भ्रष्टाचार है। हमारी 15 महीने की सरकार थी। इसमें साढ़े तीन महीने का समय सभा, चुनाव, आचार संहिता में चला गया। साढ़े 11 महीने में कांग्रेस ने अपनी नीति और नीयत का परिचय दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बारे में कहा कि 18 साल बाद शिवराज सिंह को बहनें याद आ रही हैं, किसान याद आ रहे हैं। उनका खाना हजम नहीं होता, जब तक वे झूठ न बोल लें। शिवराज रोज घोषणाएं करते हैं। मैं उन्हें नाचने-गाने और बोलने में नहीं हरा सकता, लेकिन सच्चाई में हरा सकता हूं।