18HELE3 मेरठ में खुला नामांकन का खाता, 21 नामांकन हुए
मेरठ, 18 अप्रैल (हि.स.)। नगर निकाय चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन मेरठ जनपद में नामांकन करने का खाता खुल गया। मेरठ में 21 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इस दौरान भारी सुरक्षा व्यवस्था रही।
मेरठ नगर निगम के महापौर और पार्षद पद की नामांकन प्रक्रिया कलक्ट्रेट में चल रही है। जबकि नगर पालिका और नगर पंचायतों के नामांकन संबंधित तहसीलों में हो रहे हैं। नामांकन दाखिल करने के दौरान भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। उम्मीदवारों के साथ केवल चार लोगों को जाने की अनुमति है।
मंगलवार को मेरठ में नामांकन पत्र जमा करने के लिए उम्मीदवार आगे आए। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत एवं नगरीय निकाय संदीप कुमार के अनुसार, महापौर पद पर कोई नामांकन दाखिल नहीं हुआ। केवल पार्षद पद के लिए दो उम्मीदवारों ने पर्चे दाखिल किए।
नगर पालिका परिषद में अध्यक्ष पद के लिए एक नामांकन पत्र दाखिल हुआ। जबकि सदस्य पद पर छह लोगों ने नामांकन किए। इसी तरह से नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद पर दो और सदस्य पद पर दस उम्मीदवारों ने पर्चे भरे।
उन्होंने बताया कि महापौर पद के लिए 23 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे। पार्षद पद के लिए 174 नामांकन पत्र बिके। नगर पालिका परिषदों में अध्यक्ष पद के लिए छह, सदस्य पदों के लिए 62 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। इसी तरह से नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद के लिए 76 और सदस्य पद के लिए 261 लोगों ने नामांकन फार्म खरीदे।