18HREG409 कानपुर में लू चलने के बढ़े आसार, 41 के पार पहुंचा पारा
कानपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है लेकिन उसका असर कानपुर सहित मैदानी इलाकों में न के बराबर है। रोजाना तापमान बढ़ता ही जा रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि लू चलने के आसार बढ़ गये हैं। हालांकि मंगलवार को हवाओं की बदली दिशाओं से आसमान में बादल छाए रहे।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने मंगलवार को बताया कि दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और आसपास के इलाकों में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। दक्षिण पश्चिम राजस्थान के ऊपर बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र से एक ट्रफ रेखा हरियाणा और पंजाब होते हुए हिमाचल प्रदेश तक जा रही है। एक ट्रफ निचले स्तरों में उत्तर आंतरिक कर्नाटक से दक्षिण तमिलनाडु तक फैली हुई है। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव अफगानिस्तान के उत्तरी भागों पर है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने के कारण 20 से 22 अप्रैल के मध्य हल्की वर्षा होने की संभावना है। लेकिन शुरू के तीन दिनों तक दिन एवं रात के तापमान में वद्धि के आसार हैं।
उन्होंने बताया कि अधिकतम तापमान 41.2 और न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 36 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 17 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पूर्व रहीं जिनकी औसत गति 5.4 किमी प्रति घंटा रही।