अब प्रशासनिक कार्यों में लगे चिकित्सक भी ई-संजीवनी पर होंगे पंजीकृत

Share

18HREG412 अब प्रशासनिक कार्यों में लगे चिकित्सक भी ई-संजीवनी पर होंगे पंजीकृत

मिशन निदेशक ने सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को जारी किए निर्देश

जनपद में 128 चिकित्सा अधिकारी और 95 सीएचओ का हो चुका है पंजीकरण

गाजियाबाद, 18 अप्रैल (हि.स.)। अब प्रशासनिक कार्यों में लगे चिकित्सक और सभी विशेषज्ञ भी टेलीमेडिसिन सेवाएं प्रदान करने के लिए ई-संजीवनी पोर्टल पर पंजीकृत होंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डा. भवतोष शंखधर ने बताया कि 11 अप्रैल को हुई राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद मिशन निदेशक उत्तर प्रदेश अपर्णा उपाध्याय ने सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा है कि जन समुदाय हो गुणवत्ता परक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से समस्त उप-केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (एचडब्लूसी) के रूप में सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। गुणवत्ता पर टेलीमेडिसिन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए ई-संजीवनी पोर्टल पर अपर/ उप मुख्य चिकित्सा अधिकारियों का पंजीकरण कराने के भी निर्देश दिए गए हैं। एचडब्ल्यूसी के क्रियाशील होने के विभिन्न मानकों में से टेलीमेडिसिन के माध्यम से जन समुदाय को चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना एक महत्वपूर्ण मानक है। भारत सरकार की निर्धारित शर्तों के अनुसार समस्त एचडब्ल्यूसी पर टेलीमेडिसिन/ टेली कंसल्टेशन की सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। टेली कंसलटेशन सेवाएं भारत सरकार के पोर्टल https://esanjeevni.mohfw.gov.in/user/signin

के माध्यम से प्रदान की जा रही हैं। मिशन निदेशक की ओर से प्रशासनिक कार्यों में लगे समस्त चिकित्सकों, विशेषज्ञों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) और एएनएम की लॉगिन आईडी बनाए जाने के निर्देश दिए गए थे। पंजीक़ृत चिकित्सक, सीएचओ या एएनएम में से यदि कोई सेवा निवृत्त हो गया है, तैनाती के स्थान में कोई बदलाव हो गया है या फिर किसी कारण से काम नहीं कर रहा है तो राज्य स्तर पर यह सूचना अपडेट करानी है। जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) अनुराग भारती ने बताया – जनपद में अब तक 128 चिकित्सा अधिकारी (एमओ) और 95 सीएचओ टेलीमेडिसिन सेवाओं के लिए ई संजीवनी पोर्टल पर पंजीकृत हो चुके हैं। उन्होंने बताया – प्रत्येक चिकित्सा इकाई ( सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला चिकित्सालय, जिला महिला चिकित्सालय) द्वारा प्रत्येक कार्य दिवस में ओपीडी अवधि में रोस्टर के मुताबिक अनिवार्य रूप से टेलीमेडिसिन सेवाएं प्रदान करने के भी निर्देश हैं।

जिले में वर्ष 2022-23 में 40 हजार से अधिक ने टेलीमेडिसिन सेवाओं का लाभ उठाया

सीएमओ ने बताया किजनपद में वर्ष 2022-23 के दौरान कुल 40,611 लोगों ने ई-संजीवनी पोर्टल के जरिए टेलीमेडिसिन सेवाओं का लाभ उठाया। लोनी ब्लॉक में 6323, मुरादनगर में 10,957, रजापुर में 6543 और भोजपुर ब्लॉक में सर्वाधिक 16,788 लोगों ने टेलीमेडिसिन सेवाओं का लाभ उठाया। वर्ष 2023 की बात करें तो 13 अप्रैल तक ही जिले में 33,566 लोगों टेलीमेडिसिन सेवाओं का लाभ उठा चुके हैं। लोनी ब्लॉक में 6449, मुरादनगर में 9239, रजापुर में 7593 और भोजपुर ब्लॉक में एक जनवरी, 2023 से 13 अप्रैल, 2023 तक कुल 10,285 लोग टेलीमेडिसिन सेवाओं का लाभ उठा चुके हैं।