18HREG128 चार जनपदों को दिसम्बर तक मिलेगा गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे का तोहफा
लखनऊ, 18 अप्रैल(हि.स.)। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रीयल डेवलेपमेंट अथारिटी (यूपीडा) की देखरेख में 66 प्रतिशत कार्य को पूर्ण कर चुके गोरखपुर लिंग एक्सप्रेसवे को दिसम्बर माह तक पूरा कर लिया जायेगा। चार जनपदों गोरखपुर, अम्बेडकरनगर, संतकबीरनगर, आजमगढ़ को दिसम्बर माह के अंत तक लिंक एक्सप्रेसवे का तोहफा मिलेगा।
अवस्थापना व औद्योगिक विकास आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे की कार्ययोजना में जुटी यूनिट को निर्देशित करते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे को दिसम्बर माह 2023 तक पूरा कर देना है। इसकी कार्य गति सही है और आगे भी ऐसी ही स्थिति बनी रहनी चाहिए। इस बात का ध्यान रखें कि लिंक एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता से कहीं कोई समझौता नहीं होना चाहिए। एक्सप्रेसवे के अंतर्गत घाघरा नदी पर एक दीर्घ सेतु बनाया जा रहा है, जिसका साठ प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
यूपीडा के प्रवक्ता दुर्गेश उपाध्याय ने बताया कि गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे बेहद कल्याणकारी योजना है और इसे दिसम्बर तक पूरा कर दिया जायेगा। इसके दोनों ओर औद्योगिक विकास करने की योजना है। औद्योगिक क्षेत्र के ढांचे के विकास पर दो सौ करोड़ रुपये खर्च होंगे।
उन्होंने बताया कि लिंक एक्सप्रेसवे पर दो टोल प्लाॅजा बनाने की तैयारी है। तीन रैम्प प्लाॅजा, सात फ्लाईओवर्स, 16 व्हेकुलर अण्डरपास, 50 लाइट व्हेकुलर अण्डरपास, 35 पेडेस्ट्रियन अण्डरपास, 1389 पुलियों के निर्माण कार्य की डिजाइन बन रही है। ये डिजाइन अभी तक की बेहद आधुनिक व खूबसूरत डिजाइनों में एक होगी।
गोरखपुर क्षेत्र को तेजी से विकास की ओर ले जाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस की योजना पर कार्य शुरू हुआ और इसके अगले चरण में वर्ष के अंत तक इस लिंक एक्सप्रेस को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ दिया जायेगा।