16HREG328 जीवन में सफलता नहीं, सार्थकता ज्यादा महत्वपूर्णः मंत्री पटेल
– निजी कॉलेज के वार्षिक सम्मेलन में शामिल हुए प्रभारी मंत्री
खरगोन, 16 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश के कृषि और जिले के प्रभारी मंत्री कमल पटेल रविवार को खरगोन प्रवास के दौरान नगर में निजी मेडिकल साइंस कॉलेज के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। राधाकुंज में आयोजित वार्षिकोत्सव में उन्होंने विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मान पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री कमल पटेल ने शामिल होकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन कर उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों को सीख देते हुए कहा कि जीवन में सफल होना जितना जरूरी है, उससे कहीं ज्यादा सफलता को सार्थक करना जरूरी है। अगर आपकी सफलता से दूसरों को लाभ न पहुंचे, दूसरों को प्रसन्नता न मिले, उस सफलता का कोई अर्थ नहीं। सार्थकता का अर्थ है, ऐसी सफलता, जो दूसरों का कल्याण करें।
इसके पश्चात मंत्री पटेल ने स्थानीय सर्किट हॉउस में पार्टी पदाधिकारियों के साथ चर्चा की और जिला अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने जिले की समस्याओं के निराकरण के संबंध में सम्बन्धित अधिकारियों के निर्देश दिए।
इस दौरान कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा, एसपी धर्मवीर सिंह, जिला पंचायत सीईओ ज्योति शर्मा, एसडीएम ओएन सिंह सहित जिला पंचायत उपाध्यक्ष बापू सिंह परिहार, पूर्व विधायक बाबूलाल महाजन, धुलसिंह डावर, पूर्व नपा अध्यक्ष विपिन गौर, पार्टी अध्यक्ष राजेन्द्र राठौड़, परसराम चौहान, कल्याण अग्रवाल, रवि वर्मा, जितेंद्र आर्य व पार्टी के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।