मुरैना: चिकित्सा शिविर में 160 लोगों का हुआ परीक्षण

Share

16HREG333 मुरैना: चिकित्सा शिविर में 160 लोगों का हुआ परीक्षण

मुरैना, 16 अप्रैल (हि.स.)। ग्वालियर से लेकर दिल्ली तक के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जौरा में आयोजित निशुल्क परामर्श शिविर में 160 लोगों का परीक्षण किया गया।

रविवार को तिकोनिया पार्क के पास दाऊजी चिकित्सालय के सामने आयोजित निशुल्क शिविर में बाहर से आए नाक, कान, गला रोग विशेषज्ञ डॉ हरिओम शर्मा, शैलेंद्र भदोरिया, रामेश्वर गुप्ता, संतोष तोमर, प्रमोद पहरिया, दीपक शर्मा, भुवनेश शर्मा, सौरभ जैन आदि चिकित्सकों द्वारा श्वांस, दमा, खांसी, गठिया बाय जोड़ रोग, नेत्र रोग, स्पाइन, हृदय रोग, दंत चिकित्सक, नेत्र चिकित्सक रोगियों का परीक्षण किया गया।

इस शिविर में डॉक्टरों द्वारा मरीजों को बीमारियों के संबंध में उचित एवं महत्वपूर्ण सलाह एवं सुझाव भी दिए गए। परीक्षण उपरांत स्पाइन से संबंधित एक, घुटने के पांच, कान के पांच, नाक के तीन, गले के दो, थायराइड के एक मरीज को उचित इलाज के लिए ग्वालियर बुलाया गया है। वहीं इस शिविर में नाक, कान, गले से संबंधित लगभग 15 मरीजों की जांच दूरबीन से नाक कान गला रोग विशेषज्ञ डॉ हरिओम शर्मा द्वारा की गई। हड्डी जोड़ रोग विशेषज्ञ डॉ रामेश्वर गुप्ता ने मरीजों को घुटनों की बीमारी के संबंध में महत्वपूर्ण बात कही कि जिनके घुटनों में दर्द की शिकायत आ रही है, वह अपने घुटनों को मोडकर नहीं रखें।

ह्रदय रोग विशेषज्ञ डॉ दीपक शर्मा ने भी हृदय रोग के रोगियों को खानपान में परहेज रखने की समझाइश दी गई, जबकि स्पाइन सर्जन डॉ प्रमोद पहारिया ने स्पाइन से संबंधित रोगियों से कहा कि जितना हो सके सीधे बैठने का प्रयास करें, झुककर नहीं बैठे। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ संतोष शर्मा ने भी नेत्र रोगियों को यह समझाइश दी कि मोबाइल या कंप्यूटर पर लगातार काम नहीं करें, 15 से 20 मिनट काम करने के पश्चात आधा मिनट अपनी निगाहें हटाए तो निश्चित रूप से आपकी आंखें सुरक्षित रहेंगी।

गौरतलब है कि नगर में एक साथ इतने चिकित्सकों की टीम द्वारा निशुल्क परामर्श शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य बात यह भी थी कि दूरबीन द्वारा नाक कान गले की जांच 3 साल से छोटे बच्चों की भी की गई। शिविर में आए डॉक्टरों का समाजसेवियों द्वारा सम्मान भी किया गया।