आप प्रदेशाध्यक्ष रानी अग्रवाल ने महू पहुंचकर किया बाबा साहेब को नमन, केंद्र और प्रदेश सरकार पर बोला हमला

Share

14HREG247 आप प्रदेशाध्यक्ष रानी अग्रवाल ने महू पहुंचकर किया बाबा साहेब को नमन, केंद्र और प्रदेश सरकार पर बोला हमला

भोपाल, 14 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश में आम आदमी पार्टी (आप) ने संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास से मनाई। पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष और सिंगरौली महापौर रानी अग्रवाल ने बाबा साहेब की जन्मस्थली महू पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और बाबा साहेब को नमन किया। आम आदमी पार्टी की अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को बाबा साहेब के बताए हुए मार्ग पर चलने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर आधुनिक भारत प्रणेता थे। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही सामाजिक समरसता लाई जा सकती है।

आप प्रदेशाध्यक्ष रानी अग्रवाल ने कहा कि हम लोग तरक्की के जिन पायदानों पर खड़े हैं, वो बाबा साहेब की देन हैं। वे समाज के वंचित, शोषितों के मसीहा थे। इस दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के बनाए हुए संविधान को आज देश में बदलने की कोशिश की जा रही है। मध्य प्रदेश में दलित समाज के लोगों के साथ अत्याचार हो रहा है। मंदसौर में दलित समाज की बारात पर दबंगों के हमले को लेकर भी उन्होंने प्रदेश सरकार पर सवाल खड़े किए। रानी अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सरकार में सामाजिक समरसता खत्म हो गई है। एक दलित समाज की बारात निकलने को लेकर दबंगों का हमला बेहद शर्मनाक है। ये न केवल सरकार की नाकामी है बल्कि एक चिंतित करने वाली बात है।

इधर बाबा साहेब की जयंती के अवसर पर सागर के बीना में आम आदमी पार्टी की एक बड़ी जनसभा हुई। आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल भी जनसभा में शामिल हुईं और सभा को संबोधित किया। इसके अलावा भोपाल में संविधान चौक पर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। कार्यकर्ताओं ने गरीब बच्चों को कॉपी किताबें भी बांटी। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने लोगों को शरबत भी पिलाया और बाबा साहेब की जयंती की शुभकामनाएं दीं।