13HREG467 इंदौरः मुख्यमंत्री शिवराज ने मृतकों के परिजन से मिलकर ढांढस बंधाया
– मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता
इंदौर, 13 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार शाम को संभाग के धार जिले के ग्राम रालामंडल पहुँचे। उन्होंने यहां विगत 10 अप्रैल को हुए हादसे में एक किसान, उनके बेटे, सहित दो अन्य लोगों की दुर्घटना में हुई मृत्यु पर शोक संतप्त परिवार को ढाँढ़स बंधाते हुए अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने मृतकों के परिजनों को चार- चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। इस दौरान प्रदेश के औद्योगिक नीति निवेश एवं प्रोत्साहन मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, विधायक नीना वर्मा, पूर्व मंत्री रंजना बघेल भी उनके साथ थे।
मुख्यमंत्री चौहान ने परिजनों को सांत्वना देते हुये कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। दु:ख की इस घडी में हम आपके साथ है। उल्लेखनीय है कि जिले के सरदारपुर क्षेत्र में सोमवार, 10 अप्रैल को आधी रात में सड़क पर बिखरे गेहूं बटोर रहे चार लोगों को तेज रफ्तार लोडिंग वाहन (आयशर) ने टक्कर मार दी थी। हादसे में एक किसान और उनके बेटे सहित चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी।
धार जिले के रालामंडल में रहने वाले किसान मुन्नालाल अपनी गेहूं की उपज ट्रैक्टर-ट्राली में भरकर राजगढ़ स्थित कृषि उपज मंडी में बेचने जा रहे थे, तभी सरदारपुर थानांतर्गत आने वाले ग्राम भेरु चौकी-उंडेली फाटा के सामने रोड पर ट्रॉली में से गेहूं गिरकर सड़क पर बिखर गये, जिन्हें समेटने के लिए मुन्नालाल ने अपने बेटे को कुछ मजदूरों को लेकर आने को कहा। इस बीच वे अपने पुत्र, भाई व एक अन्य के साथ गेहूं समेट रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आए आयशर लोडिंग वाहन ने उन सभी को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे मौके पर ही गेहूं इकट्ठा कर रहे मुन्नालाल (47 वर्ष) पुत्र चंपालाल निवासी राला मंडल थाना अमझेरा धार, लवकुश (28 वर्ष) पुत्र चंपालाल निवासी नाननखेडा थाना तिरला, नवदीप (29 वर्ष) पुत्र मुन्नालाल निवासी रालामंडल और अर्जुन (26 वर्ष) पुत्र हरेसिह राजपूत निवासी ग्राम पचलाना थाना नोगांव की मौके पर ही मौत हो गई थी।