12HREG62 अनूपपुर: अमरकंटक में बुलडोजर चलाकर हटाया गया अतिक्रमण
अनूपपुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। जिले में लगातार अतिक्रमणकारियों पर कलेक्टर के निर्देश के बाद कार्रवाई की जा रही है। बुधवार सुबह पवित्र नगरी अमरकंटक में कई जगहों पर अतिक्रमणकारियों के कब्जे से शासकीय भूमि को मुक्त कराया गया। अतिक्रमण से लोगों को आने जाने में परेशानी हो रही थी। अमरकंटक नगर पालिका ने सोनमूड़ा और माई की बगिया में किए 12 दुकानों को हटाया गया है। इससे 25 डिसमिल शासकीय भूमि को मुक्त कराया गया।
जानकारी के मुताबिक, अमरकंटक के सोनमूड़ा की लगभग 10 दुकानें और माई की बगिया के 2 दुकानों को अतिक्रमण अभियान के दौरान हटाया है। इसके पूर्व भी इस मार्ग पर अतिक्रमणकारियों के कब्जे को शासकीय भूमि को मुक्त कराया था। अतिक्रमणकारी शासकीय भूमि पर कब्जे के साथ ही रोड पर टेबल, कुर्सियां रखते थे, जिससे आवागमन भी प्रभावित होता था।
अतिक्रमण हटाने के दौरान प्रशासन और लोगों के बीच बहस भी देखने को मिली। जहां लोगों ने अतिक्रमण हटाने का विरोध किया। अमरकंटक में पहुंचने वाले पर्यटकों से दुकानों की बिक्री होती थी, जिससे कई परिवारों का भरण पोषण होता था। अतिक्रमण के चपेट में आने के बाद दुकानों को हटा दिया। जिसका विरोध दुकानदारों ने प्रशासन के सामने किया। कुछ महिलाएं रोती हुई भी नजर आईं, जिनका भरण-पोषण इन्हीं दुकानों से होता है।