12HREG135 चित्रकूट: लाडली बहनाएं धूप में बैंकों के चक्कर लगाने को मजबूर
चित्रकूट, 12 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक हैंं, ऐसे में शिवराज जी की महिला वोटरों को रिझाने की तरकीब लाड़ली बहनों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रहा है, क्योंकि जिस सरकारी अमले के भरोसे मुख्यमंत्री शिवराज ने लाड़ली बहना योजना चलाई है वही कर्मचारी लाड़ली बहनों को धूप में तपने के लिए मजबूर कर रहे हैं।
दरअसल, महिलाएं दिन भर बैंकों के सामने धूप में तपने को मजबूर हो रही हैं, केवाईसी और डीबीटी नहीं हो रही, वे घर का सारा कामकाज छोड़कर बैंकों के चक्कर लगा रही हैं। हालात ये भी हैंं कि कई ग्राम पंचायतों के सचिवों ने अपनी आईडी आधार लिंक करने के लिए दूसरों को दे रखा है जो लाड़ली बहनों से आधार लिंक के नाम पर पैसे तक ऐंठ रहे हैं। तमाम जगहों पर कंप्यूटर ऑपरेटर दुकानें खोलकर आधार लिंक के नाम पर वसूली कर रहे हैं। शहर में जहां भी जाओ बैंकों और कंप्यूटर की दुकानों में देखो महिलाओं की भीड़ नजर आती है इसके बावजूद भी महिलाएं आधार लिंक, केवाईसी और डीबीटी के लिए दिन भर बैंकों के चक्कर लगाने के बाद वापस शाम को घर लौटने को मजबूर हो रही हैं और अगर बैंक का काम भी हो जाता है तो दूसरी ओर वार्ड कार्यालयों में सर्वर डाउन होने की वजह से भी फार्म नहीं भरे जा रहे हैं। कुल मिलाकर लाड़ली बहना योजना फिलहाल महिलाओं के लिए परेशानी का सबब बन कर रह गई है।