11HSPO15 खेलो इंडिया महिला हॉकी लीग 2022 (अंडर-21) : प्रीतम सिवाच स्पोर्ट्स फाउंडेशन ने दूसरे संस्करण का खिताब जीता
लखनऊ, 11 अप्रैल (हि.स.)। प्रीतम सिवाच स्पोर्ट्स फाउंडेशन ने यहां खेले जा रहे दूसरे खेलो इंडिया महिला हॉकी लीग 2022 (अंडर-21) का खिताब जीत लिया है। स्पोर्ट्स हॉस्टल ओडिशा तीसरे स्थान पर रहा।
प्रीतम सिवाच स्पोर्ट्स फाउंडेशन ने फाइनल में एचएआर हॉकी अकादमी को 2-0 से हराकर खेलो इंडिया महिला हॉकी लीग 2022 (अंडर-21) का दूसरा संस्करण जीता। तन्नु (12′) ने प्रीतम सिवाच स्पोर्ट्स फाउंडेशन के लिए पहला गोल किया, और साक्षी राणा (31′) ने तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में पेनल्टी कार्नर को गोल में बदलकर अपनी टीम को जीत दिलाई।
तीसरे-चौथे स्थान के मैच में स्पोर्ट्स हॉस्टल ओडिशा ने साई बाल को 3-1 से हराया। स्पोर्ट्स हॉस्टल ओडिशा के लिए दीप्ति मोनिका टोप्पो (18′), टीम कप्तान ममिता ओरम (24′), और सुनीता टोप्पो (41′) ने गोल किए, जबकि साई बाल के लिए एकमात्र गोल गायत्री गेडेला (22′) ने किया।
साई शक्ति ने 5/6वें स्थान के मैच में खालसा हॉकी अकादमी अमृतसर को 5-2 के अंतर से हराया। साई शक्ति के लिए पूनम मुंडू (21′, 27′), सुनीता कुमारी (37′), साक्षी शुक्ला (43′) और लानलीबी चानू खुंद्रकपम (58′) ने गोल किए। इस बीच, खालसा हॉकी अकादमी अमृतसर के लिए अंजलि पंवार (9′, 34′) ने गोल किया।
हिम अकादमी ने 7/8वें स्थान के मैच में सैल्यूट हॉकी अकादमी को 3-2 से हराकर 7वां स्थान हासिल किया। एचआईएम एकेडमी के लिए पहला गोल सना (3′) ने किया। उनके बाद टीम की कप्तान मनिता (26′) और सुभम (46′) ने गोल किया। इस बीच, सैल्यूट हॉकी अकादमी के लिए शिवानी कुमारी (24′) और काजल (58′) ने एक-एक गोल किया।