प्रयागराज के अपूर्व ने जर्मनी में नेशनल चैम्पियनशिप में मारी बाजी

Share

11HSPO17 प्रयागराज के अपूर्व ने जर्मनी में नेशनल चैम्पियनशिप में मारी बाजी

–बैडमिंटन प्रतियोगिता में जीते कई मेडल, गवर्नर ने किया सम्मानित

प्रयागराज, 11 अप्रैल (हि.स.)। प्रयागराज के अपूर्व मिश्रा ने जर्मनी में हुई नेशनल बैडमिंटन चैम्पियनशिप में कई पदक जीतकर प्रयागराज का नाम रोशन किया है। जर्मनी के गवर्नर कलोल मोनू ने अपूर्व मिश्रा को मेडल प्रदान कर सम्मानित करते हुए बधाई दिया है।

अपूर्व मिश्रा प्रयागराज के चौफटका स्थित अंबेडकर विहार कॉलोनी के वरिष्ठ समाजसेवी और क्रिकेटर राजीव कुमार मिश्रा के पुत्र हैं। अपूर्व मेडिसिन विश्वविद्यालय प्लेवेन, जर्मनी में एमबीबीएस के चतुर्थ वर्ष के छात्र हैं। उनकी शिक्षा-दीक्षा इंटरमीडिएट तक इलाहाबाद पब्लिक स्कूल चौफटका से हुई है। अपूर्व का बचपन से क्रिकेट और बैडमिंटन के प्रति बहुत लगाव था। उन्होंने मेजर रंजीत सिंह स्पोर्टस कांप्लेक्स एमजी मार्ग में प्रशिक्षण प्राप्त किया था। उनके मुख्य कोच सलिल श्रीवास्तव थे। अपूर्व मिश्रा ने स्टेट चैंपियनशिप, जूनियर नेशनल एवं वाराणसी में सीबीएसई की क्लास्टर प्रतियोगिता में रनर थे।

जर्मनी के प्लेवेन विवि में सात से नौ अप्रैल तक बैडमिंटन नेशनल चैंपियनशिप प्रतियोगिता हुई थी। जिसमें अपूर्व ने एकल मुकाबले में नेशनल चैंपियनशिप में बाजी मारी और कई मेडल जीते।

अपूर्व की मॉ वरिष्ठ शिक्षाविद अमिता मिश्रा एम आर एस पब्लिक स्कूल में प्रधानाचार्या है। उनको भी शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल, किन्नर अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी, किन्नर अखाड़ा की प्रदेश अध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी कौशल्यानंद गिरि, मेलाधिकारी कुंभ विजय किरन आनंद सहित अन्य शिक्षाधिकारियों एवं कई सामाजिक संगठनों ने सम्मानित किया है।

अपूर्व मिश्रा को मेडल जीतने पर यूपी बोर्ड के सचिव दिव्य कांत शुक्ला, क्षेत्रीय कार्यालय की अपर सचिव विभा मिश्रा, डायट प्राचार्य विनय कुमार गिल सहित अन्य प्रमुख लोगों ने बधाई दिया है।