व्यवसाय कर और दुकानों का किराया वृद्धि के प्रस्ताव के विरोध में होटल एसोसिएशन भी, किया प्रदर्शन

Share

11HREG107 व्यवसाय कर और दुकानों का किराया वृद्धि के प्रस्ताव के विरोध में होटल एसोसिएशन भी, किया प्रदर्शन

-व्यापार मंडल ने विरोध को आगे बढ़ाने का किया ऐलान, पालिका भी प्रस्ताव लागू करने पर अडिग

नैनीताल, 11 अप्रैल (हि.स.)। नगर पालिका की सीमा में सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के पंजीकरण और उनसे ट्रेड टैक्स यानी व्यवसाय कर वसूले जाने और नगर पालिका की दुकानों का किराया बढ़ाये जाने के नगर पालिका के प्रस्ताव पर मल्लीताल व्यापार मंडल की ओर से पहले से किया जा रहा विरोध-प्रदर्शन सोमवार को और भी तीव्र हो गया। आज के प्रदर्शन में तल्लीताल व्यापार मंडल एवं नैनीताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्य भी शामिल हुए। आंदोलित व्यवसायियों ने अपने प्रतिष्ठान भी 2 घंटे तक बंद रखे।

मंगलवार सुबह को इस मुद्दे पर मल्लीताल और तल्लीताल व्यापार मंडल के साथ नैनीताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्य मल्लीताल श्रीराम सेवक सभा के प्रांगण में एकत्र हुए। बैठक के बाद वे जुलूस की शक्ल में नगर पालिका कार्यालय पहुंचे। नगर पालिका के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और इस विरोध प्रदर्शन को और आगे बढ़ाने के साथ तीव्र करने की चेतावनी भी दी।

प्रदर्शन करने वालों में मल्लीताल व्यापार मंडल के अध्यक्ष किशन नेगी महासचिव त्रिभुवन सिंह फर्त्याल, होटल एसोसिएशन के सचिव वेद शाह पूर्व अध्यक्ष दिनेश साह, तल्लीताल व्यापार मंडल के अध्यक्ष मारुति नंदन साह व महासचिव अमनदीप सिंह, सिद्धार्थ क्षेत्री, अनिल ठाकुर, विवेक वर्मा, रईस खान व कमलेश ढोंढियाल आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।

महासचिव त्रिभुवन फर्त्याल ने दोहराया कि नगर पालिका ने बिना व्यवसायियों की जानकारी में लाए, बिना आपत्तियां लिए इन दोनों विषयों में गजट नोटिफिकेशन जारी करने की तैयारी की है, इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस विषय में नगर के अन्य संगठनों, जिला और प्रांतीय इकाई के प्रमुखों से आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए वार्ता हो चुकी है। आगामी मंगलवार को फिर बड़ा विरोध-प्र्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें तल्लीताल व्यापार मंडल और होटल एसोसिएशन भी शामिल होगा।

नगर पालिका को गजट नोटिफिकेशन आने का इंतजार

उल्लेखनीय है कि व्यापार मंडल के इन दोनों विषयों में आपत्तियां न मांगे जाने और विश्वास में न लिए जाने के आरोपों से इतर नगर पालिका अपनी कार्रवाई पर अडिग नजर आ रही है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी आलोक उनियाल ने बताया कि आपत्तियां समाचार पत्रों के माध्यम से आमंत्रित किए जाने सहित पूरी प्रक्रिया की सभी औपचारिकताएं पूरी की गई हैं। नगर पालिका की बोर्ड भी प्रस्ताव पास कर चुका है। गजट नोटिफिकेशन प्रकाशन के लिए भेज दिया गया है। एक पखवाड़े के भीतर गजट नोटिफिकेशन के प्रकाशित होने की उम्मीद है।

उनियाल ने बताया कि गजट नोटिफिकेशन के प्रकाशित होते ही प्रस्ताव लागू कर दिए जाएंगे। व्यवसाय कर प्रदेश के 70 फीसद निकायों में लागू किया जा चुका है। नगर के सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों का पंजीकरण किया जाना है। इसे लागू न करने पर नगर पालिका को शासन से मिलने वाली ग्रांट रुक जाएगी। यह भी बताया कि नगर पालिका की दुकानों का किराया 3, 4, 5 रुपए माह जितना बेहद कम है। अब संबंधित दुकान की सर्किल दर के आधार पर किराये में वृद्धि की जाएगी।