शिवपुरी : नपा की बैठक में पार्षदों ने किया हंगामा, नपाध्यक्ष को बैठक छोड़ जाना पड़ा

Share

10HREG330 शिवपुरी : नपा की बैठक में पार्षदों ने किया हंगामा, नपाध्यक्ष को बैठक छोड़ जाना पड़ा

– कांग्रेस पार्षदों ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप

– कांग्रेस पार्षद धरने पर बैठे- बोले वार्डों में नहीं हो रहे विकास काम

शिवपुरी, 10 अप्रैल (हि.स.)। शिवपुरी नगर पालिका परिषद की बैठक में भ्रष्टाचार के मामलों की जांच न होने व विकास कार्य न होने की मांग को लेकर सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। नगर पालिका के परिषद भवन में हुई इस बैठक के दौरान कांग्रेस के पार्षदों ने धरना दिया साथ ही नगर पालिका के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। कांग्रेस पार्षदों ने हंगामा भी किया इसके कारण बीच में ही बैठक से नपाध्यक्ष गायत्री शर्मा को जाना पड़ा। सबसे बड़ी बात यह रही कि सत्ताधारी दल भाजपा की यहां पर अध्यक्ष होने के बाद भी विकास कार्य न होने से कुछ भाजपा पार्षद भी नाराज दिखे। उन्होंने भी नगर पालिका के कुछ अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप मीडिया के सामने लगाए। एक भाजपा पार्षद ने कहा कि कुछ दिन पहले उनके वार्ड में घटिया सड़क डाली गई लेकिन किसी भी जिम्मेदार अधिकारी पर कार्रवाई नहीं हुई।

कांग्रेस पार्षद धरने पर बैठे- बोले वार्डों में नहीं हो रहे विकास काम-

बैठक में हंगामा करने वाले कांग्रेस पार्षदों ने आरोप लगाए कि उनके वार्ड में विकास कार्य नहीं हो रहे हैं। कांग्रेस की नेता प्रतिपक्ष शशि शर्मा और कांग्रेस पार्षदों ने आरोप लगाते हुए बताया कि नई परिषद के गठन के बाद से अब तक चार बैठकें हो चुकी हैं, विकास कार्यों को तो छोड़िए वार्डों में बिजली, पानी, सड़क साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं से संबंधित कामों को लेकर भी जनता परेशान है। पार्षदों का कहना है कि नगर पालिका द्वारा वार्डों में काम नहीं कराए जा रहे हैं। ऐसे में पार्षद जनता को कब तक झूठे आश्वासन दें।

साफ-सफाई तक नहीं हो रही-

कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि वार्डों में ना तो साफ सफाई हो रही है ना ही स्ट्रीट लाइट और पीने के पानी के लिए पाइप लाइन डाली जा रही है. जबकि इन कामों के लिए नगरपालिका में करोड़ों रुपए आ रहा है। कांग्रेस पार्षदों ने नगर पालिका में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते जमकर नारेबाजी की और परिषद में धरने पर बैठ गए. वहीं, बीजेपी पार्षदों ने भी वार्डों में काम नहीं होने के लिए नगर पालिका सीएमओ को जिम्मेदार ठहराया। हंगामे के चलते नगर पालिका परिषद की बैठक समय से पहले ही स्थगित कर दी गई।