बेटी जब तक जिंदा रहती है उसकी सांस माता-पिता के लिए चलती है: मुख्यमंत्री चौहान

Share

08HREG188 बेटी जब तक जिंदा रहती है उसकी सांस माता-पिता के लिए चलती है: मुख्यमंत्री चौहान

-लाडली बहना योजना के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गाना गाकर कार्यक्रम की शुरूआत की

रतलाम, 8 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने यहां हजारों की संख्या में उपस्थित बहनों के बीच मंच से – फूलों का तारों का सबका कहना है एक हजारों में मेरी बहना है.. गाना गाकर कार्यक्रम की शुरूआत की। उन्होंने लाड़ली बहना कार्यक्रम के मंच से प्रदेश की बेटियों और बहनों की जमकर तारीफ की।

शनिवार को नेहरू स्टेडियम में आयोजित लाड़ली बहना योजना के आयोजित कार्यक्रम में सबसे पहले उन्होंने ये गाना गाया। गाना सुनते ही सभा स्थल पर कई महिलाएं मुस्कुराने लगी तो कुछ भावुक हो गई। अपने संबोधन में चौहान ने कहा कि हमेशा से आम परिवारों में बचपन से बेटियों के साथ अन्याय होते देखा है। बेटी पैदा होती थी तो दुख होता था। परिवार खुद ही अपनी बेटी को बोझ मानता था जबकि बेटी बचपन से बेटों के मुकाबले ज्यादा काम करती है। बेटी जब तक जिंदा रहती है उसकी सांस माता पिता के लिए चलती है। बेटा बुढ़ापे की लाठी बनेगा या नहीं, कोई भरोसा नहीं। यह हालात देखकर लाड़ली लक्ष्मी योजना कब शुरू की गई तो धीरे-धीरे समाज में परिवर्तन आया। इसका परिणाम है कि आज बेटियों ने यह साबित कर दिया है कि उन्हें अवसर दिया जाए तो वह बेटों के मुकाबले बहुत आगे जा सकती हैं।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जो विवाहित महिलाएं छूट गई थी उनके लिए लाडली बहना योजना शुरू की गई है। क्योंकि यह योजना केवल राशि देने की योजना नहीं है, बल्कि यह राशि सम्मान है उस मेहनत का जो वह सतत अनवरत महिलाएं परिवारों के लिए करती रहती हैं। जब उनके पास स्वयं की राशि होगी तो वह अपने छोटे बड़े सपने और इच्छाएं बिना संकोच के पूरी कर सकेंगी। उन्होंने घोषणा की कि लडक़ी 12वीं कक्षा पास करते ही ई स्कूटी मध्य प्रदेश सरकार द्वारा दी जाएगी।

लाडली बहना योजना में सालाना ढाई लाख रुपए तक की आमदनी वाली महिलाएं जुड़ सकेगी।

1374 करोड़ रुपयेे लागत केे कार्यों का भूमिपूजन लोकार्पण किया

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने यहां 1374 करोड़ रुपये लागत 133 कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। उन्होंने 898.18 करोड़ रुपये लागत से 80 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन तथा 476.36 करोड़़ रुपये लागत के 53 कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें 295 करोड़ रुपये लागत का मेडीकल कालेज, 750 बिस्तरीय अस्पताल, 20 करोड़ 53 लाख रुपये लागत के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 36 कार्य, 64 करोड़ 60 लाख की लागत के जलसंसाधन विभाग के 5 कार्य भी शामिल है। साथ ही रिंडेसीफिकेशन योजना अंतर्गत गोल्ड काम्पलेक्स, 300 बिस्तरीय चिकित्सालय भवन, 800 सीटर एसी आटोडोरियम तथा 2 फोरलेन सडक़ भी शामिल है। लाड़ली बहना योजना के साथ ही प्रबुद्धजनों के संवाद कार्यक्रम में भी भाग लिया।

हेलीपेड पर हुआ स्वागत

यहां पहुंचने पर मुख्यमंत्री का ऐतिहासिक स्वागत किया गया। जगह-जगह हेलीपेड से लगाकर नेहरू स्टेडियम के मार्ग में स्वागत मंच बनाया गए थे। हेलीपेड पर पूर्व मंत्री हिम्मत कोठारी, सांसद गुमानसिंह डामोर, विधायक चेतन्य काश्यप, विधायक डा. राजेन्द्र पाण्डेय, विधायक दिलीप मकवाना सहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।