मप्र: विजयवर्गीय के शूर्पणखा वाले बयान के विरोध में उतरी महिला कांग्रेस, इंदौर-भोपाल में प्रदर्शन

Share

08HREG324 मप्र: विजयवर्गीय के शूर्पणखा वाले बयान के विरोध में उतरी महिला कांग्रेस, इंदौर-भोपाल में प्रदर्शन

भोपाल/इंदौर, 8 अप्रैल (हि.स.)। लड़कियों के पहनावे को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय द्वारा दिये गए बयान के विरोध में महिला कांग्रेस सड़कों पर उतर आई है। कांग्रेस ने इसे महिलाओं का अपमान बताकर उनसे माफी की मांग की है। इंदौर में महिला कांग्रेस ने कैलाश विजयवर्गीय का पुतला फूंका। वहीं, भोपाल में महिला कांग्रेस ने विजयवर्गीय के विधायक बेटे आकाश विजयवर्गीय के बंगले पर प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस नेता बेशरम के फूल लेकर यहां पहुंची थीं।

भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के शूर्पणखा वाले बयान के विरोध में महिला कांग्रेस ने शनिवार को इंदौर में उनका पुतला फूंका। इस दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से काफी खींचतान भी हुई। इसके साथ ही राजधानी भोपाल में भी महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विजयवर्गीय के बेटे आकाश विजयवर्गीय के बंगले के सामने प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस कार्यकर्ता अपने हाथों में बेशरम के फूल लेकर यहां पहुंची थीं।

वहीं, विजयवर्गीय के बयान पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने ट्वीट करके कहा है कि बीजेपी ने महिलाओं के अपमान और उत्पीड़न करने की कसम खा ली है। प्रदेश की संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर विजयवर्गीय के बचाव में उतर आई हैं। उन्होंने कहा कि हमारे वस्त्र इतने शालीन और सभ्य होने चाहिए कि किसी भी सार्वजनिक स्थान पर हमें देखकर किसी के भी मन में कोई दुर्भावना जन्म ना ले।

इधर, इस मामले को लेकर कैलाश विजयवर्गीय ने अपनी सफाई दी है। विजयवर्गीय ने कहा कि उनके बयान के एक हिस्से को तोड़ मरोड़कर प्रस्तुत किया जा रहा है। उनका पूरा बयान कोई नहीं बता रहा है। गौरतलब है कि शुक्रवार को कैलाश विजयवर्गीय का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि कई लड़कियां इतने गंदे कपड़े पहनकर निकलती हैं कि बिल्कुल शूर्पणखा लगती हैं।