08HREG333 मप्र में फिर बिगड़ा मौसम, भोपाल में तेज बारिश के साथ गिरे ओले, इंदौर समेत अन्य शहर भी भीगे
भोपाल, 8 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम में बदलाव हुआ है। शुक्रवार की रात हुई हल्की बूंदाबांदी के बाद राजधानी भोपाल में शनिवार को दोपहर में अचानक बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। इस दौरान कुछ इलाकों में ओले भी गिरे। भोपाल के अलावा इंदौर में भी शनिवार शाम को तेज बारिश हुई। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी 15 अप्रैल तक कई शहरों में बूंदाबांदी होने की संभावना है। आंधी भी चल सकती है।
राजधानी भोपाल में शनिवार को सुबह से मौसम साफ था और तेज धूप खिली हुई थी, लेकिन दोपहर करीब 3.00 बजे अचालन मौसम बदल गया और तेज हवाएं चलनी लगी। इसके थोड़ी देर बाद तेज बारिश शुरू हो गई। शहर के शिवाजी नगर इलाके में ओले भी गिरे। इंदौर में भी शाम को बादल छाए और गरज के साथ बारिश हुई। इस दौरान हवा-आंधी भी चलती रही। इंदौर में शनिवार सुबह से बादल छाने के बाद शाम को बादल बरस पड़े। गरज-चमक के साथ शाम पांच बजे के करीब बौछारें गिरना शुरू हुईं। इस दौरान हवा-आंधी भी चलती रही। गुना और विदिशा में भी पानी गिरा है। अन्य शहरों में बादल छाए हुए हैं।
भोपाल मौसम केन्द्र के अनुसार, राजस्थान में चक्रवात एक्टिव होने और ट्रफ लाइन गुजरने के कारण प्रदेश के मौसम में बदलवा आया है। का कहना है कि मौसम विभाग ने जबलपुर, रीवा, शहडोल संभाग में बूंदाबांदी का अनुमान जताया है, वहीं इंदौर, उज्जैन, भोपाल संभाग में भी कहीं-कहीं तेज बारिश की संभावना जताई है। विभाग के मानें तो आगामी 15 अप्रैल तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम बना रहेगा। इस दौरान तेज गर्मी नहीं पड़ेगी।
अमूमन अप्रैल के महीने में भीषण गर्मी शुरू हो जाती है, लेकिन भोपाल में अभी तापमान 40 डिग्री के आसपास भी नहीं पहुंचा है। इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर में भी मौसम का मिजाज बदला है। राज्य के सभी शहरों में अभी अधिकतम तापमान 37 डिग्री के नीचे ही दर्ज किया जा रहा है। रात के तापमान में भी कमी बनी हुई है। बड़े शहरों में रात का पारा 20-21 डिग्री के आसपास ही है।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि भोपाल समेत रतलाम, मंदसौर, उज्जैन, शाजापुर, राजगढ़, शिवपुरी, अशोकनगर, देवास, टीकमगढ़, विदिशा, नर्मदापुरम, सागर, बड़वानी, बुरहानपुर, मुरैना, ग्वालियर, रायसेन, सीहोर, श्योपुरकलां, गुना, इंदौर, निवाड़ी, छतरपुर, सीधी, सिंगरौली, बालाघाट, पन्ना, सतना और आगर में अगले 3-4 घंटे के दौरान मौसम बदलने का अनुमान है। इस दौरान तेज आंधी-बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने, गिरने की भी संभावना है।
उन्होंने बताया कि सेंट्रल राजस्थान पर चक्रवात एक्टिव है। ट्रफ लाइन भी गुजर रही है। यह मध्यप्रदेश के मध्य क्षेत्र से लेकर तमिलनाडु तक गुजर रही है। यही कारण है कि बंगाल की खाड़ी से पर्याप्त मात्रा में नमी प्रदेश में पहुंच रही है। इससे सुबह मौसम साफ रहता है, लेकिन दोपहर बाद बादलों का दौर शुरू होता है और हल्की बूंदाबांदी भी हो जाती है। अभी भोपाल में सामान्य 37 डिग्री तक होना चाहिए, लेकिन अभी एक डिग्री कम 36 डिग्री पर है। इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर समेत अन्य शहरों में भी ऐसी ही स्थिति है।