08HREG52 खंडवाः आबना नदी में नहाने गए दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत
खंडवा, 8 अप्रैल (हि.स.)। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित आबना नदी पर शनिवार सुबह नहाने गए दो मासूम बच्चों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से दोनों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, घटना सुबह करीब 10 बजे की है। गोविंद नगर निवासी 12 वर्षीय कार्तिक उर्फ कान्हा पुत्र राजेश पांचोरे और 10 वर्षीय गौरव उर्फ अनमोल पुत्र केदार अपने एक अन्य दोस्त के साथ रामनगर के पीछे आबना नदी की किनारे बने कुंड में नहा रहे थे। नहाते समय कार्तिक और गौरव गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। यह देख उनसे कुछ दूर पर तैर रहा दोस्त पानी से बाहर आया और घर आकर लोगों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद लोग उन्हें बचाने के लिए नदी पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों करीब 12 फीट गहरे कुंड में डूब चुके थे। पुलिस ने गोताखोर और तैराक की मदद से दोनों के शवों को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। कोतवाली थाना प्रभारी बलराम सिंह राठौर ने बताया कि मर्ग कायम कर घटना की जांच की जा रही है।