02HREG84 महानगर कांग्रेस की कार्यकारिणी, सभी प्रकोष्ठ और विभाग भंग
देहरादून, 02 अप्रैल (हि.स.)। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ जसविंदर सिंह गोगी ने महानगर कार्यकारिणी सहित महानगर के अंतर्गत आने वाले सभी प्रकोष्ठ व विभाग तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। शीघ्र ही नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।
अध्यक्ष डॉ जसविंदर सिंह गोगी ने महानगर कार्यकारिणी और महानगर कांग्रेस के अंतर्गत आने वाले समस्त प्रकोष्ठ तथा विभागों को भंग करते हुए शीघ्र नई कार्यकारिणी तथा प्रकोष्ठों व विभागों का पुनर्गठन करने की घोषणा की। महानगर कांग्रेस के अंतर्गत आने वाले विभिन्न प्रकोष्ठ जैसे व्यापार प्रकोष्ठ, मलिन बस्ती प्रकोष्ठ आदि सभी तत्काल प्रभाव से भंग कर दिए गए हैं। कुछ नए प्रकोष्ठों व विभागों का गठन भी किया जाएगा। शीघ्र नयी कार्यकारिणी के साथ इन प्रकोष्ठ व विभागों की घोषणा की जाएगी।
डॉ गोगी ने कहा कि देश व प्रदेश में जो मनमानी और तानाशाही का वातावरण भाजपा सरकारों ने बनाया है, उससे जूझने के लिए महानगर कांग्रेस को नए तेवर और ऊर्जा की आवश्यकता है। इसी के दृष्टिगत समर्पित, कर्मठ और उत्साही कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कार्यकारिणी, विभागों तथा प्रकोष्ठों में स्थान दिया जाएगा। परिवर्तन निश्चित रूप से महानगर के साथ-साथ राज्य में कांग्रेस के संघर्ष को और सुदृढ़ता देगा।