अयोध्या : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीरामलला व हनुमानगढ़ी के किये दर्शन

Share

19HREG36 अयोध्या : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीरामलला व हनुमानगढ़ी के किये दर्शन

-श्रीराम मंदिर निर्माण की प्रगति के बारे में ली जानकारी, 70 फीसदी निर्माण पूरा

-छह वर्ष पूर्व 19 मार्च को ही योगी आदित्यनाथ ने संभाली थी मुख्यमंत्री की कुर्सी

अयोध्या,19 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को रामनगरी अयोध्या पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले हनुमानगढ़ी के दर्शन-पूजन किए। संकट मोचन हनुमान जी का दर्शन कर योगी आदित्यनाथ ने सुखी-स्वस्थ उत्तर प्रदेश की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने रामलला के दर्शन, आरती व परिक्रमा की।

जन्म भूमि परिसर में मुख्यमंत्री ने राम मंदिर निर्माण की प्रगति भी जानी। आज से छह वर्ष पूर्व 19 मार्च को ही गोरक्षपीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाली थी। इसके पहले अयोध्या पहुंचने पर रामकथा हेलीपैड पर मुख्यमंत्री को सलामी दी गई।

रामलला दर्शन के उपरांत श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को स्मृति चिह्न प्रदान किया। रामलला के दर्शन के उपरांत मुख्यमंत्री योगी ने राम मंदिर निर्माण की प्रगति जानी। यहां ट्रस्ट महासचिव चंपत राय ने मुख्यमंत्री को निर्माण से जुड़ी जानकारी दी। योगी आदित्यनाथ ने यहां कार्य कर रहे मजदूरों से भी हालचाल पूछा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से वर्तमान समय में चल रहे कार्य की प्रगति जानी। उल्लेखनीय है कि मंदिर का 70 फीसदी निर्माण पूरा कर लिया गया है। निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद हैं।