18HNAT46 अमित शाह 25 को आएंगे छिंदवाड़ा, मुख्यमंत्री शिवराज ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण
भोपाल, 18 मार्च (हि.स.)। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आगामी 25 मार्च को मध्य प्रदेश के प्रवास पर रहेंगे। वे छिंदवाड़ा में आयोजित विशाल जनसभा में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। केन्द्रीय गृह मंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के दृष्टिगत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को छिंदवाड़ा पहुंचे। उन्होंने सभा स्थल पुलिस ग्राउंड का निरीक्षण किया। साथ ही विशिष्ट अतिथियों और आम जनता के आवागमन, पार्किंग, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं संबंधी जानकारी प्राप्त की। इस मौके पर किसान-कल्याण एवं कृषि विकास और जिले के प्रभारी मंत्री कमल पटेल साथ में थे।
मुख्यमंत्री चौहान ने इस अवसर पर निर्देश दिये कि सभा स्थल पर सुरक्षा और आवागमन की ऐसी व्यवस्था बनाएं, जिससे आसानी से लोग सभा स्थल तक पहुंच सकें। पार्किंग की व्यवस्था ऐसे स्थानों पर की जाए, जहां से आम जनता को आने और जाने में किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो। छिंदवाड़ा कलेक्टर शीतला पटले ने सभा स्थल पर की जाने वाली व्यवस्थाओं तथा पुलिस अधीक्षक विनायक वर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी।
अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा
कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री चौहान ने स्थानीय होटल एकॉर्ड में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ कार्यक्रम के लिये जारी तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री की गरिमा के अनुरूप कार्यक्रम हो। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के साथ अन्य व्यवस्थाएं भी सुव्यवस्थित रहें।
चौहान ने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी तादाद में आमजन भी आएंगे, इसलिये आवागमन को सुविधाजनक बनाने ट्राफिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जाए। जिला प्रशासन द्वारा प्रेजेंटेशन से कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की गई जिसमें हर्रई विकासखंड के ग्राम आंचलकुंड स्थित मंदिर, हवाई पट्टी, विश्राम गृह, मंदिर मार्ग तथा पुलिस ग्राउंड में होने वाले कार्यक्रम, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग आदि के साथ पल-प्रतिपल के कार्यक्रम की जानकारी दी। मुख्यमंत्री चौहान ने निर्देश दिये कि गरिमामयी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये प्रभारी मंत्री के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में ई-केवायसी के लिये यदि कोई पैसा लेते हैं तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शासन की ओर से ई-केवायसी के लिये 15 रुपये प्रति प्रकरण दिये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में हितग्राही को दी जाने वाली सामग्री की गुणवत्ता की शिकायत मिलने पर यह निर्णय लिया गया है कि योजना में अब कन्या हितग्राही को 50 हजार रुपये का चेक दिया जायेगा। इस अवसर पर किसान-कल्याण एवं कृषि विकास और जिले के प्रभारी मंत्री कमल पटेल, राज्य सभा सांसद कविता पाटीदार, जिला आपदा प्रबंधन समिति के सदस्य विवेक साहू सहित अधिकारी मौजूद रहे।