(अपडेट) मुख्यमंत्री ने किया नन्दू भैया की पंच धातु से निर्मित प्रतिमा का अनावरण

Share

17HREG520 (अपडेट) मुख्यमंत्री ने किया नन्दू भैया की पंच धातु से निर्मित प्रतिमा का अनावरण

– कहा, नन्दू भैया के बताए हुए मार्ग पर चलेंगे, उनके अधूरे कामों को पूरा कराएंगे

बुरहानपुर, 17 मार्च (हि.स.)। बड़े शौक से सुन रहा था जमाना, तुम ही सो गए दास्तां कहते कहते। नन्दू भैया ऐसा नहीं लगता तुम चले गए। एक बार फिर आ जाओ। ऐसे नेता जिन्होंने अपना पूरा जीवन जनता के लिए समर्पित कर दिया। कोविड-19 हुआ तो मैं उनसे मिलने गया तब भी वह कहने लगे मेरे क्षेत्र की जनता का यह काम कर दो। ऐसे नेता बहुत कम होते हैं।

यह बात मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने शाहपुर में स्व. सांसद नंदकुमारसिंह चौहान की प्रतिमा अनावरण के अवसर पर कही। इस दौरान नन्दू भैया की धर्मपत्नी दुर्गेश्वरीदेवी अपने आपको रोक नहीं पाई, उनकी आँखों से आंसू झलक पड़े। मुख्यमंत्री ने उन्हें ढांढस बांधया। उन्होंने पुत्र हर्षवर्धन के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया।

मुख्यमंत्री ने मंच से कहा कि स्व. नंदकुमार चौहान उत्तम नेता थे। उन्होंने जिंदगी भर जनता की सेवा का कार्य किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज शाहपुर में उनकी प्रतिमा का अनावरण हुआ है। हम नंदू भईया के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे और उनकी प्रेरणा से क्षेत्र और प्रदेश का विकास करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि नंदू भईया की स्मृति में विकास और जन-कल्याण से खण्डवा और बुरहानपुर को आदर्श जिला बनाएंगे।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा खंडवा लोकसभा क्षेत्र के हर विकास कार्य पर दिवंगत सांसद नंदकुमार सिंह चौहान का नाम है। जितने भी कार्य हुए उनके ही हाथों काम किए गए। उनके द्वारा हर समय क्षेत्र के विकास की बात की जाती थी। वह ऐसे प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं जिनके समय में प्रदेश में कांग्रेस नगर निगमों में 16 में से शून्य पर आ गई। उनके अधूरे कामां को हम पूरा कराएंगे। शाहपुर नगर परिषद कार्यालय का नाम स्व नंदकुमार चौहान के नाम पर किए जाने की भी मंच से घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री दोपहर करीब 12.50 बजे बुरहानपुर पहुंचे। रेणुका स्थित हेलीपेड से वह सीधे शाहपुर स्व. नंदकुमारसिंह चौहान की प्रतिमा स्थल पहुंचे। यहां पहुंचते ही फूलों की बौछार हो गई। मुख्यमंत्री ने प्रतिमा का अनावरण किया। यहां से पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति कार्यक्रम में पहुंचे और करीब 40 मिनट तक लोगों को संबोधित किया।

हजारों की संख्या में पहुंचे लोग

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। इस दौरान नन्दू भैया के बेटे हर्षवर्धन सिंह ने कहा- नंदु भैया ऐसा नेता रहे जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में किसी प्रकार की कोई चिंता न कर केवल पार्टी का हित देखा। विधायक रहते हुए खेतों में जनता के लिए रात बिताई। विकास के काम किए। आज वह हर व्यक्ति के दिल में जिंदा है। उन्होंने एक परियोजना का काम 75 प्रतिशत पूरा होने और 15 प्रतिशत अधूरा होने पर मुख्यमंत्री से मांग की कि इस ओर ध्यान दिया जाए ताकि किसानों को आसानी से पानी मिल सके।

इस दौरान जिला प्रभारी मंत्री प्रेमसिंह पटेल, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, पूर्व मंत्री अर्चना चिटनिस, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज लधवे, नेपानगर विधायक सुमित्रादेवी कास्डेकर, महापौर माधुरी अतुल पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष गंगाराम मार्को, पूर्व महापौर अतुल पटेल, अनिलभाऊ भोसले, पूर्व निगम अध्यक्ष मनोज तारवाला सहित जिले एवं खंडवा संसदीय क्षेत्र से भी कार्यकर्ता, नेता पहुंचें।