14HREG247 मप्र विधानसभा में हुई नवगठित शिष्टाचार एवं सम्मान अनुरक्षण समिति की प्रथम बैठक
भोपाल, 14 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम द्वारा नवगठित शिष्टाचार एवं सम्मान अनुरक्षण समिति की प्रथम बैठक को मंगलवार को विधानसभा में संपन्न हुई। विधानसभा अध्यक्ष गौतम ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि विधानसभा में विधायकों के सम्मान-सत्कार संरक्षण हो सके, इसके लिए यह समिति गठित की गई है। विधायक के सम्मान/सत्कार की अवमानना करने वाले प्रशासनिक अधिकारियों पर कार्यवाही की अनुशंसा का प्रावधान किया गया।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि यह समिति गरिमापूर्ण बनी रहे, इसके लिए विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष डा. सीतासरण शर्मा को सभापति तथा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष नर्मदा प्रसाद प्रजापति समेत सात विधायकों को सदस्य बनाया है। उन्होंने कहा कि यह समिति लंबित सत्कार के सभी मामले अपने संज्ञान मे लेकर त्वरित बैठकें कर उन संबंधित अधिकारियों का साक्ष्य ले एवं प्रतिवेदन दे। बैठक में विनय सक्सेना सदस्य एवं अजय कुमार टंडन ने भाग लिया। समिति बैठक एवं उसके कार्यों के बारे प्रमुख सचिव एपी सिंह ने प्रकाश डाला। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष नर्मदा प्रसाद प्रजापति ने भी आवश्यक सुझाव दिये। सभापति डा. सीतासरण शर्मा ने अध्यक्ष का आभार माना एवं स्वागत किया।