12HREG65 मप्रः मुख्यमंत्री शिवराज ने परोपकार महिला मंडल के सदस्यों के साथ लगाए पौधे
भोपाल, 12 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने प्रतिदिन पौधरोपण करने के संकल्प के क्रम में रविवार को रंगपंचमी के अवसर पर परोपकार महिला मंडल के सदस्यों के साथ भोपाल के श्यामला हिल्स स्थित उद्यान में पीपल, नीम और करंज के पौधे लगाए।
मुख्यमंत्री चौहान के साथ बालिका मिश्का बोंद्रिया ने अपने जन्म-दिवस पर पौधा लगाया। महिला सशक्तिकरण, महिला-कल्याण और पर्यावरण-संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय परोपकार महिला मंडल की डॉ. साधना गंगराड़े, डॉ. वर्षा चौबे, कविता अग्रवाल, सुनील दुबे, राहुल चौबे तथा सुनील गंगराड़े ने भी पौध-रोपण किया। मुख्यमंत्री चौहान को मंडल की डॉ. साधना गंगराड़े ने पारस्परिक रिश्तों, पर्वों-परम्पराओं, संस्कारों और जीवन मूल्यों पर केन्द्रित निबंध पुस्तिका ‘मन का मोगरा’ भेंट की। मुख्यमंत्री के साथ बालक नितिन घोलटे, देव पटेल तथा बालिका शिवानी पटेल ने भी पौधा लगाया। पौध-रोपण में सीएम पटेल, निधि सिंह, अंकित मारण तथा प्रदीप मारण शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को रंगपंचमी की शुभकामनाएँ दी
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेशवासियों को रंगपंचमी की बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने रविवार को श्यामला हिल्स स्थित उद्यान में पौध-रोपण के बाद मीडिया प्रतिनिधियों के माध्यम से प्रदेशवासियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि रंगपंचमी पर मध्यप्रदेश आनंद के रंगों में रंगा है। इंदौर का ग़ेर सम्पूर्ण विश्व में प्रसिद्ध है। प्रदेशवासी उल्लास, आनंद, उत्साह और मस्ती के साथ रंगपंचमी का त्यौहार मना रहे हैं। प्रदेशवासी सौहार्द्र पूर्ण वातावरण में प्रगति और उन्नति की ओर निरंतर अग्रसर हो, यही कामना है।